Bhojpuri music industry: भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड टूट गया है. सुपरस्टार सिंगर-एक्टर रितेश पांडे और मशहूर गायिका स्नेहा उपाध्याय के ब्लॉकबस्टर गाने 'हैलो कौन' ने यूट्यूब पर 100 करोड़ यानी 1 बिलियन व्यूज को पार कर लिया है. 10 दिसंबर 2019 को रिद्धि म्यूजिक वर्ल्ड के बैनर तले रिलीज हुआ यह गाना आज 6 साल बाद भी देश-दुनिया के कोने-कोने में लगातार गूंज रहा है और अब इसने ग्लोबल लेवल पर भोजपुरी का परचम लहरा दिया है.
ADVERTISEMENT
रितेश पांडेय और स्नेहा की जबरदस्त केमिस्ट्री
बता दें कि रितेश पांडेय का 'हैलो कौन' पहला ऐसा भोजपुरी गाना है जो 1 बिलियन क्लब में शामिल हुआ है. आखिर इस गाने में ऐसा क्या था जो इसने इतिहास रच दिया? इसके पीछे हैं गाने के बेहद मजेदार और आम बोलचाल वाले लिरिक्स, झूमने पर मजबूर कर देने वाली कैची बीट और रितेश-स्नेहा की ऑन-स्क्रीन जबरदस्त केमिस्ट्री. गाने में रितेश पांडे की एनर्जेटिक आवाज और स्नेहा उपाध्याय का चुलबुला अंदाज दर्शकों के दिलों में सीधे उतर गया. गाने का सबसे आइकॉनिक हिस्सा 'हैलो कौन… बोलो कौन?' एक नेशनल ट्रेंड बन गया जो आज भी शादियों, बारातों, पब-पार्टियों और इंस्टाग्राम रील्स पर धूम मचाए हुए है.
पर्दे के पीछे के असली धुरंधर
इस ऐतिहासिक गाने को रितेश पांडे के साथ स्नेहा उपाध्याय ने अपनी सुरीली आवाज से सजाया है जिन्होंने वीडियो में परफॉर्म भी किया है. गाने के शब्दों को पिरोने और इसका धमाकेदार म्यूजिक तैयार करने का पूरा श्रेय आशीष वर्मा को जाता है. वहीं इस गाने को विजुअली बेहद खूबसूरत और एंगेजिंग बनाने का काम डायरेक्टर सोनू वर्मा और आशीष यादव की जोड़ी ने किया था.
रितेश पांडे के करियर का टर्निंग पॉइंट
यूं तो रितेश पांडे भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय और स्थापित सिंगर्स में गिने जाते हैं लेकिन ‘हैलो कौन' ने उनके करियर को एक ऐसा मुकाम दे दिया जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. यह गाना सिर्फ भोजपुरी भाषी दर्शकों तक सीमित नहीं रहा बल्कि गैर-भोजपुरी लोगों और सात समंदर पार विदेशों में रह रहे भारतीयों की जुबान पर भी चढ़ गया. यह उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है क्योंकि भोजपुरी के सबसे बड़े हिट गाने भी अमूमन 10 से 20 करोड़ व्यूज के बीच सिमट जाते हैं. ऐसे में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करना पूरी इंडस्ट्री के लिए एक नई सुबह जैसा है.
रितेश पांडे ने दिया ये रिएक्शन
आज भी किसी भी महफिल में जब तक 'हैलो कौन' की बीट्स नहीं गूंजतीं तब तक डांस फ्लोर अधूरा माना जाता है.इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने पर सिंगर रितेश पांडे ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं है. यह उनके पूरे जीवन का सबसे बड़ा पुरस्कार है और दुनिया भर में फैले करोड़ों भोजपुरी समाज व इस भाषा से प्यार करने वाले हर व्यक्ति के लिए गर्व का विषय है.
ADVERTISEMENT









