झांसी में बेटी की शादी से 20 दिन पहले दिलीप कुशवाहा के साथ जो हुआ देख हर किसी का दिल दहल उठा, मौत ने पिता को ऐसे लगाया गले

अजय झा

29 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Jhansi Road Accident News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. नवाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया

Jhansi Road Accident News

Jhansi Road Accident News (Photo: AI Generated)

Google CTA

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. नवाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना का पूरा वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि व्यक्ति खुद को बचाने के लिए दीवार से सटकर खड़ा होने की कोशिश करता है, लेकिन स्कॉर्पियो उसी दिशा में मुड़ जाती है और उसे टक्कर मार देती है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

यह भी पढ़ें...

पेंटिंग का काम कर लौट रहे थे दिलीप

मृतक की पहचान 44 वर्षीय दिलीप कुशवाहा के रूप में हुई है, जो शिवाजी नगर इलाके के रहने वाले थे. परिवार के अनुसार दिलीप गुमनावारा क्षेत्र में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करते थे और रोज की तरह गुरुवार शाम काम खत्म कर घर लौट रहे थे. घटना आरटीओ ऑफिस और स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के पास हुई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक उनकी तरफ बढ़ी. खुद को बचाने के लिए वह दीवार की ओर भागे, लेकिन गाड़ी भी उसी तरफ मुड़ गई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

परिवार ने नाबालिग चालक पर लगाए गंभीर आरोप

हादसे के बाद मृतक के परिवार ने स्कॉर्पियो चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि गाड़ी किसी व्यापारी का नाबालिग बेटा चला रहा था. उनका आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज देखने से ऐसा लग रहा है कि चालक ने जानबूझकर गाड़ी दिलीप की तरफ मोड़ी. परिवार के मुताबिक हादसे के समय वाहन में तीन से चार लोग सवार थे, जो घटना के बाद स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए. मृतक के भाई राजकुमार कुशवाहा ने बताया कि पूरा हादसा कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है और उसमें चालक की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है.

20 दिन बाद होनी थी बेटी की शादी

इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. दिलीप अपने पीछे पत्नी द्रोपती, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. उनकी दूसरी बेटी नेहा की शादी 19 जून 2026 को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.