Khesari Lal Yadav: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक खेसारी लाल यादव ने सिनेमाई पर्दे पर अपनी फिल्मों की रिलीज को लेकर एक बड़ा फैसला किया है.खेसारी लाल यादव ने साफ-साफ ऐलान किया है कि देश में इस वक्त जो आर्थिक हालात और महंगाई है उसे देखते हुए वह अपनी कोई भी नई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं करेंगे. मीडिया के सामने बेबाकी से अपनी बात रखते हुए खेसारी ने कहा कि आज देश में नोटबंदी से भी बुरा हाल है, लोग पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों से त्रस्त हैं. ऐसे कठिन समय में जनता पर फिल्म देखने का वित्तीय बोझ डालना बिल्कुल सही नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से बचत करने की अपील पर तंज कसते हुए दिग्गजों से 'चंदा' इकट्ठा करने का एक अनोखा आइडिया भी दे डाला है.
ADVERTISEMENT
'मेरी 4-5 फिल्में तैयार हैं पर रिलीज नहीं करूंगा'
मौजूदा आर्थिक हालातों पर चिंता जताते हुए सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने कहा कि इस समय फिल्म रिलीज करने का कोई मतलब नहीं है.'अभी देश में स्थिति इतनी खराब है कि इस माहौल में कौन सिनेमा रिलीज करेगा? यह तो नोटबंदी से भी बुरा हाल है. लोगों के पास इस समय अपना घर चलाने के लिए बजट बचाना सबसे जरूरी काम है. पेट्रोल-डीजल महंगे हो गए हैं, रसोई गैस महंगी हो गई है, आम आदमी का आना-जाना तक दूभर हो गया है. जब हर चीज इतनी महंगी है, तो सिनेमा रिलीज करना सही नहीं है. क्योंकि हर आदमी पहले अपना बजट बचाएगा. मेरी 4-5 फिल्में पूरी तरह से डबिंग और हर काम के साथ रेडी हैं, लेकिन इस परिस्थिति में मैं इन्हें रिलीज नहीं कर पाऊंगा.' खेसारी ने आगे कहा कि आगे क्या होने वाला है, इस बजट के हिसाब से किसी को नहीं पता. सबको अपने बच्चों के भविष्य और जिंदा रहने के लिए बैलेंस बचाना पड़ेगा.
'चुनाव के समय क्यों नहीं याद आई महंगाई?'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देश के नागरिकों से पेट्रोल-डीजल बचाने, विदेश यात्राएं कम करने और सोने में निवेश करने के आह्वान पर जब खेसारी से एक आम नागरिक के तौर पर राय मांगी गई, तो उन्होंने राजनीति पर सीधा निशाना साधा. खेसारी ने कहा कि 'एक आम नागरिक होने के नाते मुझे लगता है कि अभी हाल ही में जो तीन-चार राज्यों में चुनाव हुए, महंगाई उस समय भी वैसी ही थी, स्थितियां तब भी यही थीं. अगर यह फैसला लेना था तो चुनाव के समय ही ये घोषणाएं क्यों नहीं की गईं? लेकिन उनकी अपनी राजनीति है, मैं क्या बोल सकता हूं. हमारे भारत की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि हम ₹10 कमाते हैं तो ₹2 ही खर्च करते हैं और अपने बच्चों के भविष्य के लिए हमेशा से बचाकर रखते हैं.'
'अंबानी-अडानी और शाहरुख-मनोज तिवारी से चंदा लें पीएम मोदी'
बचत करने की नसीहत पर बात करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि जो लोग गाड़ियों में घूमते हैं, वे करोड़पति-अरबपति हैं, बचाने की जरूरत उन्हें है. असली मार तो उस गरीब और आम नागरिक पर पड़ रही है जिसके पास साइकिल की व्यवस्था है और जिसे रोज गैस-तेल के लिए सोचना पड़ता है. उन्होंने आगे कहा कि 'नरेंद्र मोदी जी को देश के जितने भी बड़े उद्योगपति हैं, चाहे वो अंबानी जी हों या अडानी जी, और जितने भी बॉलीवुड, साउथ या बिहार के बड़े कलाकार हैं, जैसे शाहरुख खान, मनोज तिवारी या खुद खेसारी लाल यादव इन सब से कहना चाहिए कि हमारा देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, इसलिए आप सब देश हित में चंदा करो. हम सबने इसी देश की जनता से कमाया है. आज फिल्म इंडस्ट्री में ही 2 से 5 हजार छोटे-बड़े कलाकार हैं जो 100 करोड़, 500 करोड़ या हजार करोड़ के मालिक हैं. अगर सब लोग अपनी सक्षमता के अनुसार 50 लाख, 1 करोड़ या 10 करोड़ रुपये का चंदा दें तो उस पैसे से देश के गरीब तबके का भला किया जा सकता है. चीजों को महंगा करने से अच्छा है कि जिन्होंने इसी देश से कमाया है, उनसे चंदा लेकर गरीबों तक मदद पहुंचाई जाए.'
खेसारी के इस बड़े ऐलान की चर्चा जोरो पर है. उनके फैंस इस खबर के बाद से काफी मायूस भी हैं. ऐसे में अब देखना होगा कि खेसारी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उनके फैंस को कितना इंतजार करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT









