Bhojpuri global recognition: फ्रांस में चल रहे कांस फिल्म फेस्टिवल में एक बार फिर इंडियन सिनेमा और क्षेत्रीय भाषा का जबरदस्त जलवा देखने को मिला है. इस बार ग्लोबल स्टेज पर भोजपुरी सिनेमा ने अपना परचम लहराया है. कांस फिल्म फेस्टिवल के 'भारत पवेलियन' में भोजपुरी फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का फर्स्ट लुक पोस्टर लॉन्च किया गया. इस फिल्म की लीड रोल में भोजपुरी की क्वीन और मशहूर अदाकारा आम्रपाली दुबे नजर आ रही हैं. इस खास मौके पर फिल्म के स्टार्स, मेकर्स और सिनेमा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं जिससे पूरे कार्यक्रम की रौनक बढ़ गई.
ADVERTISEMENT
भोजपुरी सिनेमा के लिए गर्व का पल
अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी फिल्म का पोस्टर लॉन्च होने की खुशी को शेयर करते हुए फिल्म के मशहूर प्रोड्यूसर निशांत उज्जवल ने इसे भोजपुरी सिनेमा के लिए एक टर्निंग पॉइंट बताया. उन्होंने कहा कि 'कांस फिल्म फेस्टिवल के इस प्रतिष्ठित भारत पवेलियन में अपनी भोजपुरी फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का फर्स्ट लुक पेश करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है. भोजपुरी सिनेमा करोड़ों लोगों की भावनाओं, संस्कृति और उनके दिल को समेटे हुए है. आज हमें गर्व है कि हम इस भावना को एक ग्लोबल स्टेज पर लेकर आए हैं. यह फिल्म प्यार, भरपूर मनोरंजन, पारिवारिक मूल्यों और आम लोगों से गहरे जुड़ाव के साथ बनाई गई है. हम उम्मीद करते हैं कि यह फिल्म न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों का मनोरंजन करेगी.'
सुर्खियों में हैं लीड एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे
इस इंटरनेशनल अचीवमेंट के बीच फिल्म की मुख्य अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों सोशल मीडिया और खबरों में भी काफी छाई हुई हैं. हाल ही में आम्रपाली दुबे को भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ मुंबई में कई मौकों पर एक साथ स्पॉट किया गया है जिसके बाद से ही फैंस के बीच उनकी ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है.
ग्लोबल रिलीज का फैंस को बेसब्री से इंतजार
कांस फिल्म फेस्टिवल में 'बीवी हो तो ऐसी' के पोस्टर लॉन्च के बाद से ही दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है. फैंस अब इस पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म के ट्रेलर और इसकी रिलीज डेट का बेहद बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT









