Railway Update Barabanki: यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 6 साल बाद फिर पटरी पर लौटेगी नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन, 26 मई से संचालन की तैयारी

Barabanki Railway News: कोविड काल से बंद नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन 26 मई से फिर पटरी पर लौटने जा रही है. करीब छह साल बाद ट्रेन संचालन बहाल होने से बाराबंकी, गोंडा और लखनऊ रूट के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी. रेलवे प्रशासन ने रेक की व्यवस्था समेत संचालन की अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं.

Barabanki Railway News

Newzo

• 12:54 PM • 21 May 2026

follow google news

Barabanki Railway News: कोविड के बाद बंद नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन 26 मई से 6 साल बाद फिर शुरू होने वाली है, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी. ट्रेन रात 11:10 बजे नकहा से रवाना होकर सुबह 09:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी और प्रतिदिन करीब 1500-1700 यात्री इसका लाभ उठा सकेंगे. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के लिए रेक का इंतजाम भी कर लिया गया है और संचालन संबंधी अंतिम तैयारियां जारी हैं.

यह भी पढ़ें...

कोविड काल से बंद चल रही नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन का संचालन आखिरकार छह वर्षों बाद फिर शुरू होने जा रहा है. रेलवे प्रशासन ने 26 मई से इस ट्रेन को चलाने की तैयारी तेज कर दी है. लंबे समय से क्षेत्र की हजारों जनता इस ट्रेन के पुनः संचालन की मांग कर रही थी. 

यह पैसेंजर ट्रेन नकहा जंगल से चलकर गोंडा, घाघरा घाट, चौकाघाट, बुढ़वल जंक्शन, बिन्दौरा रेलवे स्टेशन और बाराबंकी होते हुए सीधे लखनऊ के डालीगंज स्टेशन तक पहुंचेगी. ट्रेन के दोबारा शुरू होने से बाराबंकी और आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के लिए रेक का इंतजाम भी कर लिया गया है और संचालन संबंधी अंतिम तैयारियां जारी हैं.

रेलवे विभाग के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संचालन का नोटिफिकेशन प्राप्त हो गया है और रेलवे विभाग मई माह में ही ट्रेन को चलाने की तैयारी कर रहा है. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं.

कोविड महामारी के दौरान 23 मार्च 2020 को देशभर में सभी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था. बाद में धीरे-धीरे अधिकांश ट्रेनों का संचालन बहाल हो गया, लेकिन नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन अब तक शुरू नहीं हो सकी थी. फरवरी 2023 तक लगभग सभी ट्रेनें पटरी पर लौट आई थीं, पर यह ट्रेन निरस्त ही चल रही थी. अब रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इसके फिर से संचालन का रास्ता साफ हो गया है.

ट्रेन संख्या 55061 नकहा-डालीगंज पैसेंजर रात 11:10 बजे नकहा जंगल से रवाना होकर सुबह 09:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी. वहीं ट्रेन संख्या 55062 डालीगंज-नकहा पैसेंजर शाम 05:20 बजे डालीगंज से प्रस्थान कर सुबह 04:45 बजे नकहा पहुंचेगी. पहले इस ट्रेन से प्रतिदिन करीब 1500 से 1700 यात्री सफर करते थे. ट्रेन बहाल होने से खासकर नौकरीपेशा, छात्र और व्यापारियों को लखनऊ आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी.