Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस की तरफ से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल, गलत पहचान के कारण पुलिस ने एक ऐसे निर्दोष राज सिंह को पकड़ लिया था, जिसका इस हत्याकांड से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं था. हालांकि, अब असली आरोपी के चिह्नित होने के बाद राज सिंह को पुलिस कस्टडी से छोड़ दिया गया है. वहीं, इस बीच राज सिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसके तेवर बेहद आक्रामक दिखाई दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT
21 सेकंड के वीडियो में ये कहा
राज सिंह ने यह वीडियो अपने खुद के फेसबुक पेज पर जारी किया है. इस 21 सेकंड के छोटे से वीडियो में राज सिंह सीधे तौर पर धमकाते हुए कह रहा है कि उसके पास हर सवाल का जवाब मौजूद है. वीडियो में राज सिंह ने कहा, "जय श्रीराम, बहुत जल्द ही सबको सभी का जवाब दिया जाएगा, कृपया थोड़ा धैर्य बनाकर रखें.. और मीडिया... जवाब देने आ रहे हैं, कुछ दिन का इंतजार कीजिए.."
हाईवे से हुई थी राज सिंह की गिरफ्तारी
आपको बता दें कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में बीते 11 मई को कोलकाता पुलिस ने उत्तर प्रदेश की अयोध्या क्राइम ब्रांच की मदद से राज सिंह को हाईवे से गिरफ्तार किया था. पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान राज सिंह के साथ-साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था.
अब सीबीआई के हाथों में है केस की कमान
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या का यह मामला बेहद संवेदनशील है. शुरुआती दौर में बंगाल पुलिस और स्थानीय टीमों द्वारा की गई गिरफ्तारियों और इस नए वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब इस पूरे केस की कमान CBI संभाल रही है. सीबीआई अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि इस हत्याकांड के पीछे असली साजिश क्या थी और राज सिंह की इसमें क्या भूमिका थी.
ADVERTISEMENT









