यूपी के IPS अजय पाल शर्मा को 'धमकाने' वाले TMC नेता जहांगीर खान ने वोटिंग से पहले किया बड़ा ऐलान, पलट गया चुनाव!

West Bengal Election Controversy News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दक्षिण 24 परगना जिले के फालता विधानसभा क्षेत्र से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है.

TMC Leader Jahangir Khan and IPS Ajay Pal Sharma

यूपी तक

• 02:22 PM • 19 May 2026

follow google news

Bengal political news: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दक्षिण 24 परगना जिले के फालता विधानसभा क्षेत्र से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. फलता सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी और इलाके के कद्दावर नेता जहांगीर खान ने अचानक चुनाव से पीछे हटने का फैसला कर लिया है. उन्होंने आधिकारिक घोषणा करते हुए साफ कर दिया है कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे. दिलचस्प बात यह है कि जहांगीर खान ने यह बड़ा ऐलान ठीक उसी दिन किया है, जब चुनाव प्रचार का शोर थम रहा है.

यह भी पढ़ें...

जहांगीर खान वही टीएमसी उम्मीदवार हैं जिनका कुछ दिनों पहले चुनाव आयोग के पुलिस ऑब्जर्वर और उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी (एनकाउंटर स्पेशलिस्ट) अजय पाल शर्मा के साथ तीखा विवाद हुआ था. 

क्या था IPS अजय पाल शर्मा और जहांगीर खान के बीच का विवाद?

उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में प्रयागराज के संयुक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग (EC) ने दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर क्षेत्र (जिसके अंतर्गत फलता आता है) में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए विशेष पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा था. इसी दौरान यह पूरा विवाद शुरू हुआ, जिसे सोशल मीडिया पर 'सिंघम बनाम पुष्पा' का नाम दिया गया था.

आईपीएस अजय पाल शर्मा को फालता इलाके से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान और उनके लोग मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं और एकतरफा वोट डालने का दबाव बना रहे हैं.

शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आईपीएस अजय पाल शर्मा केंद्रीय सुरक्षा बलों (CAPF) की टीम के साथ सीधे ग्राउंड पर उतर गए. वे जांच करते हुए सीधे जहांगीर खान के दफ्तर और घर तक पहुंच गए. वहां उन्होंने नियमों का उल्लंघन पाया और मौके पर मौजूद जहांगीर खान के परिजनों और समर्थकों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "बाद में रोना मत."

इस कार्रवाई से नाराज होकर जहांगीर खान के सैकड़ों समर्थकों ने आईपीएस अजय पाल शर्मा के काफिले और गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया. टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी के सामने कूदकर जमकर नारेबाजी की और बवाल काटा, जिसके बाद केंद्रीय बलों को मोर्चा संभालना पड़ा.

दोनों के बीच जुबानी जंग 

इस घटना के बाद जहांगीर खान और आईपीएस अजय पाल शर्मा के बीच जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली. खुद को 'पुष्पा' फिल्म के किरदार की तरह पेश करते हुए जहांगीर खान ने आईपीएस अजय पाल शर्मा (जिन्हें सिंघम कहा जा रहा था) को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि 'खेल तुम शुरू किए हो, लेकिन खत्म हम करेंगे.' 

रिजल्ट सबको मालूम है, टीएमसी बुरी तरह हारेगी: दिलीप घोष

जहांगीर खान द्वारा अचानक चुनाव न लड़ने के फैसले पर बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने फालता के इस घटनाक्रम पर तंज कसते हुए टीएमसी पर करारा हमला बोला.

दिलीप घोष ने कहा, "चुनाव का रिजल्ट अब सबको पहले से ही मालूम है, इसलिए कोई कैंपेन (चुनाव प्रचार) नहीं चल रहा है. जब इलाके से इनकी सारी गुंडागर्दी और दादागिरी ही खत्म हो गई है, तो ये अब कैंपेन करके भी क्या करेंगे? इन्हें अच्छी तरह पता चल गया है कि इस बार टीएमसी बहुत बुरी तरह से हारने जा रही है."

प्रचार के आखिरी दिन टीएमसी उम्मीदवार के इस तरह मैदान छोड़ने से फलता विधानसभा क्षेत्र का पूरा चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गया है.