1 करोड़ में से 25 लाख मुआवजा मिलते ही झांसी का नीलेश परिहार GF संग फरार, उसकी पत्नी बोली- 6 साल के बेटे का क्या होगा?

अजय झा

• 10:52 AM • 21 May 2026

झांसी के रक्सा क्षेत्र में बीडा का मुआवजा मिलने के बाद नीलेश परिहार पत्नी और 6 साल के बेटे को छोड़कर प्रेमिका संग फरार. पीड़ित पत्नी रुचि ने थाने में लगाई न्याय की गुहार.

Jhansi News

Jhansi News

Google CTA

यह अजीबो-गरीब और दुखद मामला झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के इमलिया गांव का है. यहां रहने वाली एक पीड़ित महिला रुचि परिहार ने रक्सा थाने पहुंचकर पुलिस से अपने पति की तलाश करने और खुद को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है. पीड़ित पत्नी का सीधा आरोप है कि उसके पति नीलेश परिहार को बीडा (BIDA) से मिली मुआवजा राशि ने पूरी तरह बदल दिया और वह पैसे के नशे में अंधा हो गया.

यह भी पढ़ें...

पहले सामान्य था जीवन, पैसा आते ही चढ़ा ऐशो-आराम का नशा

पीड़िता रुचि का कहना है कि मुआवजा मिलने से पहले उसका पति नीलेश अपने परिवार के साथ बिल्कुल सामान्य और खुशहाल जीवन बिता रहा था. लेकिन जैसे ही उसके पास बीडा के मुआवजे का पैसा आया, वह पूरी तरह बदल गया. पैसा मिलने के बाद वह ऐशो-आराम की जिंदगी जीने लगा और इसी बीच वह दूसरी महिला के प्रेम संबंधों के जाल में उलझ गया. हद तो तब हो गई जब वह अपनी पत्नी और मासूम बच्चे को बेसहारा छोड़कर उस दूसरी महिला के साथ कहीं फरार हो गया.

1 करोड़ का मुआवजा और...

पीड़िता रुचि परिहार के अनुसार, उसके ससुर धनीराम की करीब पांच एकड़ जमीन को बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) द्वारा अधिग्रहित किया गया था. इस पांच एकड़ जमीन के बदले सरकार की तरफ से उनके परिवार को लगभग 1 करोड़ रुपये का भारी-भरकम मुआवजा मिला था. ससुर को मिली यह बड़ी रकम बाद में परिवार के तीनों बेटों के बीच बराबर-बराबर बांट दी गई. इस बंटवारे के तहत रुचि के पति नीलेश परिहार के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये की नकद राशि आई थी.

8 साल का रिश्ता और 6 साल का बेटा छोड़ा

महिला का आरोप है कि खाते में 25 लाख रुपये आते ही नीलेश का व्यवहार अपनी पत्नी के प्रति तेजी से बदलने लगा. उसने अपने ही परिवार से दूरियां बनानी शुरू कर दीं. इसी दौरान गांव की ही एक अन्य युवती के साथ उसके प्रेम संबंध काफी गहरे हो गए. पैसे और प्यार के चक्कर में उसने अपनी पत्नी रुचि और बच्चे की तमाम जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया. रुचि ने रोते हुए बताया कि उनका 8 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता है और दोनों का एक 6 साल का बेटा भी है, लेकिन नीलेश इन सब की परवाह किए बिना परिवार छोड़कर चला गया. वह न तो अपनी पत्नी को साथ रख रहा है और न ही अपने ससुर से मिले पैसे से बच्चे की परवरिश का कोई खर्च उठा रहा है.

मायके में रहने को मजबूर, पुलिस से न्याय की गुहार

पति की इस बेवफाई के बाद रुचि के सामने अपने और अपने बेटे के भविष्य को लेकर एक बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है. आर्थिक और मानसिक रूप से टूट चुकी रुचि इस समय मजबूरी में अपने मायके में शरण लिए हुए है. रुचि ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसके पति को जल्द से जल्द तलाशा जाए और उसके बच्चे के अधिकारों को सुरक्षित कराया जाए.

इस मामले पर रक्सा थाना प्रभारी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला रुचि परिहार की तरफ से शिकायत पत्र प्राप्त हो गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों (पति और युवती) की तलाश के लिए आवश्यक जानकारी और सुराग जुटाए जा रहे हैं.