'SIT रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए...,' राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश का सरकार पर तंज!

Akhilesh Yadav On SIT Report: राम मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदा चोरी मामले की एसआईटी (SIT) रिपोर्ट आने से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसा है. उन्होंने एक्स पर लिखा सरकार को ध्यान रखना चाहिए कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए.

यूपी तक

• 12:54 PM • 22 Jun 2026

follow google news

Akhilesh Yadav On SIT Report: राम मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदा चोरी मामले की एसआईटी (SIT) रिपोर्ट आने से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसा है. उन्होंने एक्स पर लिखा सरकार को ध्यान रखना चाहिए कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए. अखिलेश यादव का यह तंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने रामभक्तों से 15 दिन और इंतजार करने की अपील करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था. जानकारी के मुताबिक एसआईटी जल्द ही अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप सकती है, जिसमें 25 सेवादारों पर कड़ा एक्शन होने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश का योगी सरकार पर तंज

राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर अखिलेश यादव ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख ने तंज कसा है, 'एसआईटी ध्यान रखे कहीं जांच की रिपोर्ट ही ना चोरी हो जाए. फिर कहेंगे 15 दिन और इंतजार कर लो. दिन इसीलिए बढ़ा रहे हैं क्योंकि सबूत ठिकाने लगा रहे हैं.' अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले में राजनीति गरमा गई है. 

सीएम योगी का सख्त कार्रवाई का भरोसा

अखिलेश यादव के इस बयान की मुख्य वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हालिया संबोधन है जो उन्होंने अयोध्या दौरे पर दिया था. सीएम योगी ने स्पष्ट किया था, 'श्री राम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वाले लोगों के बहकावे में कतई ना आएं. एसआईटी जांच 'दूध का दूध और पानी का पानी' करके रहेगी. अगर कोई अपराधी है तो बचेगा नहीं, यह सुनिश्चित है.' उन्होंने रामभक्तों से विनम्र अपील करते हुए कहा था कि जब पूर्वजों ने 500 वर्षों तक मर्यादा में रहकर संघर्ष किया है, तो 15 दिन और इंतजार कर लें. साथ ही उन्होंने लोगों से कहा है कि अगर किसी के पास कोई पुख्ता सबूत (Documentary Proof) है, तो वह एसआईटी को उपलब्ध करवाएं.

SIT जांच: 25 सेवादारों पर गिरेगी गाज!

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ही आग्रह पर योगी सरकार ने बीते 13 जून को करोड़ों रुपये के चंदे के कथित दुरुपयोग की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया था. जानकारी के मुताबिक, एसआईटी अपनी शुरुआती रिपोर्ट जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपने वाली है. छह दिनों तक चली इस सघन जांच में लगभग 150 संदिग्धों से गहन पूछताछ की गई है, जिनमें से कम से कम 25 लोगों पर सीधे तौर पर गाज गिर सकती है. बताया जा रहा है कि जिन लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है, उनमें से ज्यादातर चढ़ावे और चंदे की व्यवस्था से जुड़े सेवादार शामिल हो सकते हैं.

ट्रस्ट के कामकाज पर उठे गंभीर सवाल

जानकारी के अनुसार एसआईटी की इस रिपोर्ट में कथित चढ़ावा घोटाले की जांच नहीं की गई है, बल्कि ट्रस्ट के अंदर कामकाज के तौर-तरीकों, प्रशासनिक ढांचे और फैसले लेने की प्रक्रिया पर भी कई सवाल उठाए गए हैं. जांच टीम ने वर्तमान व्यवस्था के अंदर पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर कई खामियों को उजागर किया है और नए ट्रस्ट के लिए नई व्यवस्था की सिफारिश की है. जांच के दौरान लगभग दर्जन भर बड़े नामों और प्रमुख सेवादारों के लिखित बयान लिए गए हैं, जिनका दस्तावेजों और अन्य सबूतों के साथ मिलान करके एक 'बिग पिक्चर' तैयार की जा रही है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस अंतिम रिपोर्ट के आधार पर क्या बड़ा कदम उठाती है.