शरद पवार की पोती की शादी में पहुंचा अखिलेश परिवार... मुंबई एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत!

Akhilesh Yadav Mumbai Visit: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और बेटी अदिति यादव के साथ एनसीपी प्रमुख शरद पवार की पोती रेवती की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे हैं. एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सपा समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया है.

यूपी तक

• 02:27 PM • 21 Jun 2026

follow google news

Akhilesh Yadav Mumbai Visit: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और बेटी अदिति यादव के साथ एनसीपी प्रमुख शरद पवार की पोती रेवती की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे हैं. एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सपा समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया है. इसके बाद मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस शाही शादी में देश के कई दिग्गज नेताओं, बॉलीवुड हस्तियों और उद्योगपतियों के बीच डिंपल और अदिति यादव का सादगी भरा अंदाज सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. 

यह भी पढ़ें...

एयरपोर्ट पर उमड़ा भारी जनसैलाब

मुंबई एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के पहुंचते ही, वहां पहले से मौजूद भारी संख्या में सपा समर्थकों ने 'जय समाजवाद' और 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए. समर्थकों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पूरा माहौल राजनीतिक हो गया. समर्थकों की भारी भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सपा नेता आईपी सिंह ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है, 'माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश जी के मुंबई पहुंचने पर अपार जनसमूह एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा. ऐसा सौभाग्य भाजपा नेताओं को नहीं मिलता, उन्हें पैसे पर भीड़ जुटानी पड़ती है.' अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उन्हें जनता की उम्मीद और विपक्ष का सबसे मजबूत नेता बताया है.

शादी में दिखा डिंपल-अदिति का जलवा

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती की शादी का फंक्शन मुंबई के मशहूर जियो कन्वेंशन सेंटर में रखा गया था. इस भव्य समारोह की चमक-धमक के बीच डिंपल यादव और उनकी बेटी अदिति ने अपने सादे और खूबसूरत अंदाज से सबका दिल जीत लिया. जहां एक तरफ डिंपल यादव पेस्टल कलर की शानदार साड़ी में नजर आईं, तो वहीं अदिति यादव ऑफ व्हाइट सूट में बेहद प्यारी लग रही थीं. इन दोनों की यह सादगी भरी तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही हैं और लोग 'फैमिली मैन' अखिलेश यादव के परिवार की जमकर सराहना कर रहे हैं.

अदिति की राजनीतिक एंट्री की चर्चा

अक्सर अपने पिता अखिलेश यादव के साथ सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर आने वालीं अदिति यादव की इस शादी में मौजूदगी ने एक बार फिर उनकी राजनीति में एंट्री की चर्चाओं को तेज कर दिया है. देश के बड़े राजनेताओं के बीच उनकी इस उपस्थिति को काफी अहम माना जा रहा है.  कुछ दिनों पहले ही सोशल मीडिया पर अदिति यादव को लेकर की गई एक अभद्र टिप्पणी के बाद काफी बवाल कटा था. इसके विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार प्रदर्शन किया था और राज्य सरकार को जमकर घेरा था.

समारोह में लगा दिग्गजों का जमावड़ा

सुप्रिया सुले की बेटी रेवती ने शनिवार को नागपुर के उद्योगपति सारंग लखानी के साथ सात फेरे लिए हैं. लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ीं रेवती के पति सारंग नागपुर के 'विश्वराज ग्रुप' के कार्यकारी निदेशक हैं, वहीं उनके पिता अरुण लखानी हाल ही में महाराष्ट्र विधान परिषद के निर्विरोध सदस्य चुने गए हैं. इस शाही फंक्शन में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राहुल गांधी, भगवंत मान और जयंत पाटिल जैसे बड़े नेताओं ने शिरकत की है. इसके अलावा 'महानायक' अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन के साथ, शाहरुख खान, गौतम अडानी और अनिल अंबानी जैसी हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समारोह में चार चांद लगा दिए हैं.