NEET परीक्षा से पहले छात्रों में उत्साह के साथ दिखा डर! पेपर लीक को लेकर सुनाई आपबीती... सरकार को दिए यह सुझाव

NEET Exam 2026: कल होने वाली NEET परीक्षा से पहले छात्रों में उत्साह के साथ पेपर लीक को लेकर डर भी दिख रहा है. छात्रों का कहना है कि पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत और भविष्य पर पानी फेर देती हैं.

यूपी तक

• 04:32 PM • 20 Jun 2026

follow google news

NEET Exam 2026: देशभर में कल आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा से पहले स्टूडेंट्स के मन में उत्साह के साथ-साथ पेपर लीक का डर भी बना हुआ है. कोचिंग सेंटर्स में दिन-रात मेहनत करने वाले स्टूडेंट्स ने पिछली बार परीक्षा रद्द होने पर हुए डिप्रेशन का जिक्र करते हुए सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि सिर्फ सुरक्षा बढ़ाना काफी नहीं है, बल्कि सरकार को पेपर लीक के 'रूट कॉज' (मूल कारण) पर वार करके एजुकेशन सिस्टम की कमियों को दूर करना चाहिए.

यह भी पढ़ें...

पेपर लीक से टूट जाता है भरोसा

नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया है कि वे कोचिंग करने के लिए बाहर रहते हैं, जिसमें लाखों रुपये खर्च होते हैं. कई छात्रों के माता-पिता किसान हैं, जो कर्ज लेकर उन्हें पढ़ा रहे हैं. एक छात्रा ने कहा है, 'हम पैसा देकर पढ़ते हैं ताकि डॉक्टर बन सकें. जब हमारे एग्जाम ही लीक हो जाएंगे, तो हमारा क्या मोटिव होगा?' छात्रों का कहना है कि जब कोई स्टूडेंट सिलेक्शन के करीब होता है और अचानक पेपर लीक की खबर आती है, तो वह पूरी तरह से टूट जाता है और सिस्टम से उसका भरोसा उठने लगता है.

सरकार से स्ट्रिक्ट एक्शन की मांग

छात्रों ने सरकार से पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि जो लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उनका एनकाउंटर होना चाहिए या उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए. एक अन्य छात्र ने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा है, 'पेपर किस चैनल या पर्सन के थ्रू लीक हो रहा है, यह कोई नहीं पता कर रहा है. सरकार को सबसे पहले इस समस्या का 'रूट कॉज' (मूल कारण) खोजना चाहिए, तभी पेपर लीक की यह बीमारी हमेशा के लिए खत्म हो सकेगी.'

सुरक्षा व्यवस्था पर छात्रों की राय

इस बार नीट परीक्षा की सुरक्षा के लिए सरकार ने एयरफोर्स (Air Force) को भी शामिल किया है, जिससे पेपर सुरक्षित रूप से सेंटर्स तक पहुंच सके. छात्रों ने इस कदम की सराहना तो की है, लेकिन साथ ही चिंता भी जताई है. एक छात्र ने कहा है, 'एयरफोर्स सिर्फ पेपर लेकर जाएगी, लेकिन जिस सेंटर पर पेपर जा रहा है, अगर वहां का कोई सिस्टम में बैठा व्यक्ति ही इसमें शामिल हुआ, तब क्या होगा?' वहीं, टीचर्स ने बच्चों को रिलैक्स रहने की सलाह देते हुए कहा है कि लाइफ में सफल होने के लिए सिर्फ डॉक्टर या इंजीनियर बनना ही एकमात्र रास्ता नहीं है.