'दम है तो जहूराबाद से लड़ लें चुनाव'... ओपी राजभर की शिवपाल यादव को खुली चुनौती, अखिलेश पर भी साधा निशाना

OP Rajbhar: ओम प्रकाश राजभर ने सपा नेता शिवपाल यादव को जहूराबाद सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है. यह बयानबाजी सपा नेता शिवपाल यादव के उस बयान को लेकर शुरू हुई थी, जहां उन्होंने राजभर पर टिकट के नाम पर सौदेबाजी और टीआरपी के लिए बयान देने का आरोप लगाया था.

यूपी तक

• 02:48 PM • 20 Jun 2026

follow google news

OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश की सियासत में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अंबेडकर नगर पहुंचे ओपी राजभर ने सपा नेता शिवपाल यादव पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें अपनी विधानसभा सीट 'जहूराबाद' से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है. इसके साथ ही राजभर ने राम मंदिर विवाद को लेकर अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा है. यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब शिवपाल यादव ने राजभर पर 'टिकट बेचकर पैसे कमाने' और टीआरपी के लिए बकवास करने का गंभीर आरोप लगाया था.

यह भी पढ़ें...

जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौत

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर इन दिनों समाजवादी पार्टी पर पूरी तरह से हमलावर हैं. अंबेडकर नगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने अपने पुराने 'दोस्त' शिवपाल यादव पर जमकर भड़ास निकाली है. उन्होंने शिवपाल को सीधी चुनौती देते हुए कहा है, 'अगर दम है तो शिवपाल जी खुद आके जहूराबाद में लड़ लें या अखिलेश जी को लड़ा दें. उनको अपनी ताकत का एहसास हो जाएगा.' जहूराबाद गाजीपुर जिले की वह सीट है, जहां से खुद ओम प्रकाश राजभर मौजूदा विधायक हैं.

शिवपाल को याद दिलाए पुराने दिन

राजभर ने अखिलेश और शिवपाल की मौजूदा नजदीकियों पर तंज कसते हुए उन्हें पुराने दिन याद दिलाए हैं. उन्होंने कहा है, 'याद होगा कि मंच से धक्का देकर शिवपाल जी को पार्टी से निकाल दिया गया था. शिवपाल जी का ही पुराना बयान है कि सपा में एक शकुनी है, जो चश्मा के नाम से जाना जाता है.' राजभर ने यह भी दावा किया है कि शिवपाल ने ही कभी समाजवादी पार्टी को गरीबों की जमीन कब्जा करने वालों और शराब माफियाओं की पार्टी बताया था. राजभर के मुताबिक, आज भी सपा में शिवपाल यादव को 'तिरछी नजर' से ही देखा जाता है.

राम मंदिर विवाद से अखिलेश पर निशाना

शिवपाल के अलावा राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया है. अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों पर सरकार को घेरने वाले अखिलेश पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा है, 'अभी तक तो राम मंदिर बना, लेकिन वे कभी दर्शन करने नहीं गए, यह सब लोग जान रहे हैं.' उन्होंने आगे स्पष्ट किया है कि सरकार का मंदिर पर कोई अधिकार नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से ट्रस्ट के अधीन है. राजभर ने कहा है, 'ट्रस्ट के कहने पर ही सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन किया है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.'

शिवपाल ने लगाए थे गंभीर आरोप

ओपी राजभर और शिवपाल यादव के बीच इस जुबानी जंग की शुरुआत शिवपाल के एक विवादित बयान से हुई थी. जब राजभर लगातार अखिलेश यादव पर हमला कर रहे थे, तभी चाचा शिवपाल यादव अपने भतीजे के बचाव में उतरे. शिवपाल यादव ने राजभर को 'टीआरपी (TRP) बटोरने वाला' नेता बताते हुए कहा था, 'राजभर ऐसी बकवास करते रहते हैं. चुनाव आने पर सीटों की ज्यादा बारगेनिंग करके टिकट के नाम पर पैसे कमाना ही इन लोगों का धंधा है.' माना जा रहा है कि शिवपाल के इसी बयान से तिलमिलाए राजभर ने अब सीधे तौर पर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.