NEET Re-Exam: देश भर में 21 जून को होने वाले री-नीट से ठीक पहले 20 की शाम को दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा भारी विरोध प्रदर्शन किया गया है. इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे. वहीं, दूसरी तरफ शिक्षा मंत्री ने छात्रों से बिना किसी डर के परीक्षा देने की अपील की है और विपक्षी नेताओं व प्रदर्शनकारियों को छात्रों के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करने की सख्त हिदायत दी है.
ADVERTISEMENT
जंतर-मंतर पर पुलिस का एक्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और धांधली के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और वामपंथी छात्र संगठन (AISA) के छात्रों ने अनोखा प्रदर्शन किया है. छात्र अपने हाथों में थाली-चम्मच बजाते हुए और कॉकरोच का मास्क पहनकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे. 20 जून की शाम को जब प्रदर्शन का समय बढ़ाने की मांग खारिज हो गई, तो दिल्ली पुलिस ने भारी बल के साथ प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की, इस दौरान मंच पर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा भी चलता रहा. हालांकि पुलिस ने बाद में प्रदर्शन की समय सीमा को बढ़ा दिया.
'शिक्षा मंत्री दें अपना इस्तीफा'
सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सख्त लहजे में कहा है, 'बातचीत का रास्ता खुला है, लेकिन हमारी एक ही शर्त है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना होगा. अगर पुलिस हमें यहां से जबरन हटाने के लिए गिरफ्तारियां करती है, तो गिरफ्तारी देने वाला पहला व्यक्ति मैं होऊंगा.' उन्होंने हाल ही में छात्रों द्वारा की गई आत्महत्याओं का जिक्र करते हुए कहा है कि इतने छात्रों की जान जाने के बाद भी कुर्सी पर बने रहना गलत है. इसके साथ ही दीपके ने नीट के छात्रों से बिना टेंशन के परीक्षा देने की भी अपील की है.
छात्र निर्भय होकर दें परीक्षा
नीट री-एग्जाम को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अपना कड़ा रुख और छात्रों के प्रति अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट की है. उन्होंने कहा है, 'आज पुनः परीक्षा होने जा रही है. लगभग 22 लाख विद्यार्थी इसमें बैठेंगे. मेरा पूरा भरोसा एनटीए, राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के ऊपर है. छात्र निर्भय होकर और चिंता मुक्त होकर परीक्षा में बैठें.' उन्होंने आगे कहा है कि वह एक अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सबसे निवेदन करते हैं कि देश की नई पीढ़ी के भविष्य और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) के साथ कोई खिलवाड़ न किया जाए.
जल्द आएंगे सीबीएसई के नतीजे
शिक्षा मंत्री ने बिना नाम लिए विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा है, 'कल भी भारत के तथाकथित कुछ जिम्मेदार लोगों ने गलत उद्देश्य से बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार किया. मैं करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि आप जिम्मेदारी लें और बच्चों को कोई और कष्ट न दें.' इसके साथ ही उन्होंने यह भी अहम जानकारी दी है कि सीबीएसई (CBSE) के जिन 15 लाख छात्रों ने री-वैल्यूएशन और री-वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था, उनका काम लगभग पूरा हो चुका है. सरकार जल्द ही उनके नतीजे प्रकाशित करेगी और किसी भी छात्र को अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT









