NEET परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया नकलची! कपड़ों से मिला संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस... वाराणसी पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ

Varanasi NEET Exam Centre: नीट यूजी री-एग्जाम के दौरान वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पुलिस ने एक संदिग्ध परीक्षार्थी को हिरासत में लिया है. गेट पर चेकिंग के दौरान इस छात्र के कपड़ों से चिपनुमा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किया गया है.

यूपी तक

• 04:56 PM • 21 Jun 2026

follow google news

Varanasi NEET Exam Centre: नीट यूजी परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के बाद देशभर में आज कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा परीक्षा (Re-Exam) आयोजित की गई है. इस बीच उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक बड़ी खबर सामने आई है. वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पुलिस ने प्रवेश के दौरान एक संदिग्ध परीक्षार्थी को हिरासत में लिया है. गेट पर चेकिंग के दौरान इस छात्र के कपड़ों से एक चिपनुमा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ है. कोतवाली पुलिस ने तुरंत आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल आरोपी से थाने में पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

चेकिंग के दौरान संदिग्ध लगा छात्र

वाराणसी के मैदागिन इलाके में स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज को नीट यूजी परीक्षा का सेंटर बनाया गया है. जानकारी के मुताबिक, परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर जब प्रशासन द्वारा छात्रों की चेकिंग की जा रही थी, तभी एक परीक्षार्थी की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं. शक होने पर जब पुलिसकर्मियों ने उस छात्र की बारीकी से तलाशी ली, तो उसके कपड़ों के अंदर से एक चिपनुमा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि यह कोई आधुनिक कम्युनिकेशन डिवाइस हो सकता है, जिसका इस्तेमाल परीक्षा में नकल के लिए किया जा सकता था.

थाने में पुलिस कर रही पूछताछ

संदिग्ध परीक्षार्थी को रंगे हाथों पकड़ने के बाद वाराणसी की कोतवाली पुलिस उसे तुरंत अपने साथ थाने ले गई है. पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद किए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अपने कब्जे में ले लिया है. हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल इस पूरे मामले पर कैमरे के सामने कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन उन्होंने छात्र को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि कर दी है. कोतवाली थाने में आरोपी परीक्षार्थी से लगातार पूछताछ (Interrogation) जारी है. 

क्या किसी गिरोह से जुड़े हैं तार?

पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि यह संदिग्ध छात्र मूल रूप से कहां का रहने वाला है और इस डिवाइस के साथ परीक्षा केंद्र तक कैसे पहुंचा. जांच टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह छात्र अकेला था या उसके अन्य साथी भी परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश कर चुके थे या आसपास के इलाके में छिपे हुए थे. पुलिस को यह भी शक है कि यह परीक्षार्थी किसी बड़े नकल माफिया या सॉल्वर गिरोह (Gang) का हिस्सा हो सकता है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.