Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अचानक निधन के बाद पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है. 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत को लेकर लगातार कई तरह की चर्चाएं सोशल मीडिया पर चल रही हैं. इसी बीच परिवार के करीबी और बिजनेसमैन मुकेश बहादुर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कई अहम बातें साझा कीं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की.
ADVERTISEMENT
लगातार अपर्णा यादव के संपर्क में रहे परिवार के करीबी
पोस्टमार्टम के दौरान मीडिया से बातचीत में मुकेश बहादुर सिंह ने बताया कि वह लगातार अपर्णा यादव के संपर्क में हैं. उनके अनुसार, अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ आने के लिए फ्लाइट में थीं और परिवार लगातार उनसे बातचीत कर रहा था. उन्होंने बताया कि अपर्णा यादव के पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को आगे ले जाने की प्रक्रिया पूरी की जानी थी.
सुबह किचन में अचानक बिगड़ी थी तबीयत
परिवार के करीबी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे प्रतीक यादव अचानक घर के किचन में गिर पड़े थे. इसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर जो बातें चलाई जा रही हैं कि पहले अस्पताल ले जाया गया और फिर वापस घर लाया गया, वह पूरी तरह गलत हैं. उनके अनुसार, उन्हें केवल एक बार ही अस्पताल ले जाया गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक अटकलों से बचने की अपील
मुकेश बहादुर सिंह ने कहा कि मौत के कारण को लेकर फिलहाल कोई निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम सीएमओ, सिटी मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम की निगरानी में कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर शरीर के नीला पड़ने जैसी बातें फैला रहे हैं, लेकिन ऐसी सभी बातें बेबुनियाद हैं.
पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे प्रतीक
परिवार के करीबी के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे. वह नियमित दवाइयों पर थे और उनकी कुछ सर्जरी भी हो चुकी थीं. इसके अलावा उन्हें मोटापे सहित कई अन्य शारीरिक परेशानियां भी थीं. उन्होंने संभावना जताई कि हाई बीपी, कार्डियक अरेस्ट या दवाइयों के प्रभाव जैसी कोई वजह हो सकती है, लेकिन अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जा सकती है.
अफवाहों के बीच परिवार ने साधी चुप्पी
प्रतीक यादव की मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं और दावे सामने आने लगे हैं. हालांकि परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. परिवार और करीबी लोग लगातार यही कह रहे हैं कि रिपोर्ट आने से पहले किसी भी तरह की अटकलें लगाना उचित नहीं होगा.
शाम तक आ सकती है पोस्टमार्टम रिपोर्ट
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि प्रतीक यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल यादव परिवार गहरे सदमे में है और समर्थकों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: 10वीं क्लास में शुरू हुई थी प्रतीक यादव और अपर्णा की लव स्टोरी, जानें ये अनसुनी कहानी
ADVERTISEMENT









