भारतीय क्रिकेट के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह अब उत्तर प्रदेश सरकार में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (RSO) के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं. लखनऊ के लोकभवन में आयोजित विशेष नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल न हो पाने के बाद, अब रिंकू सिंह ने खुद सामने आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है और अपनी अनुपस्थिति का कारण बताया है.
ADVERTISEMENT
रिंकू सिंह ने जताया आभार
रिंकू सिंह ने एक संदेश साझा करते हुए कहा, "मुझे रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर अपॉइंट करने के लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं. एशियन गेम्स में उपलब्धि के लिए मुझे 3 करोड़ रुपये से सम्मानित किया गया, इसके लिए भी मैं मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करता हूं."
अपनी अनुपस्थिति पर सफाई देते हुए रिंकू ने बताया कि वे वर्तमान में अपनी आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ व्यस्त होने के कारण लखनऊ नहीं पहुंच सके. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही अपना जॉइनिंग लेटर प्राप्त करेंगे और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने आएंगे.
सीएम योगी ने पहले ही दी थी जानकारी
रिंकू सिंह की अनुपस्थिति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान ही स्थिति स्पष्ट कर दी थी. सीएम ने बताया था कि रिंकू किसी खेल कैंप में व्यस्त हैं, जिस वजह से वह समारोह में नहीं आ सके. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
क्या होगी रिंकू सिंह की जिम्मेदारी?
रिंकू सिंह को मिला 'रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर' (आरएसओ) का पद एक ग्रुप-B राजपत्रित (Gazetted) पद है. इस भूमिका में रिंकू को मंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं और टूर्नामेंटों का संचालन करना होगा. खिलाड़ियों के लिए कोचिंग और ट्रेनिंग प्रोग्राम की योजना बनाना होगा. खेल स्टेडियम, हॉस्टल और प्रशासनिक बजट की देखरेख के साथ खेल से जुड़ी सरकारी नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करना होगा.
सैलरी और सुविधाएं
उत्तर प्रदेश शासन में इस पद के लिए वेतनमान 50000 से 100000 रुपये के बीच होता है. इसके साथ ही अधिकारी को हाउस रेंट अलाउंस (HRA), मेडिकल सुविधाएं और यात्रा भत्ता जैसी सरकारी सुविधाएं भी मिलती हैं. भविष्य में रिंकू सिंह के पास खेल विभाग में डिप्टी डायरेक्टर या जॉइंट डायरेक्टर तक पदोन्नत होने के अवसर भी रहेंगे.
ADVERTISEMENT









