UP Weather Update: यूपी में कब दस्तक देगा मॉनसून... मौसम विभाग ने बारिश को लेकर दिया बड़ा अपडेट

UP Weather News: भीषण गर्मी और 45°C पारे के बीच बड़ी खबर. देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दी दस्तक. 26 मई को केरल पहुंचने के बाद जून में यूपी आएगा मॉनसून.

UP Weather Update

यूपी तक

• 09:32 AM • 19 May 2026

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू की चपेट में है, जहां पारा 45°C के करीब पहुंच चुका है. लेकिन इस जानलेवा गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक बेहद सुकून देने वाली खबर साझा की है. देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की एंट्री हो चुकी है, जिसके बाद अब उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून की दस्तक को लेकर काउंटडाउन शुरू हो गया है.

यह भी पढ़ें...

16 मई को मॉनसून ने दी दस्तक, 26 मई को केरल पहुंचेगा

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार, 16 मई 2026 को मानसून ने दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, संपूर्ण निकोबार द्वीप समूह और श्री विजयपुरम (अंडमान द्वीप समूह) के कुछ हिस्सों में कदम रख दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 दिन आगे-पीछे के अंतर के साथ 26 मई 2026 को मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है. केरल में दस्तक देने के बाद जून के महीने में यह उत्तर प्रदेश की तरफ आगे बढ़ेगा, जिससे यूपी के लोगों को इस भीषण गर्मी से पक्की राहत मिलेगी.

फिलहाल गर्मी से राहत नहीं, 19 से 22 मई के बीच 'ऑरेंज अलर्ट'

मॉनसून की इस अच्छी खबर के बीच, उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल आगामी कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने वाली है. इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों, विशेषकर दक्षिणी भाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

गर्मी का यह नया दौर उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग से शुरू होगा और धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लेगा. आगामी 19 से 22 मई के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में लू और दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की प्रबल आशंका है. इसके बाद तापमान में मामूली बदलाव होगा, जिससे गर्मी से थोड़ी आंशिक राहत मिल सकती है.

क्यों बढ़ रही है इतनी भीषण गर्मी?

मौसम विभाग के अनुसार, इस समय उत्तर प्रदेश में कोई भी प्रभावी मौसम तंत्र (जैसे पश्चिमी विक्षोभ या बादल) सक्रिय नहीं है. आसमान बिल्कुल साफ रहने के कारण सूरज की सीधी किरणें धरती को तेजी से गर्म कर रही हैं, जिसे तकनीकी भाषा में 'विकिरणीय ऊष्मन' कहा जाता है. इसके चलते आगामी 4-5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होगी.