UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. मौसम विभाग ने आज 22 जुलाई को पश्चिमी यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका है. ऐसे में लोगों को आज खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
आज यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मानसून की सक्रियता के चलते आज कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी यूपी व पूर्वी यूपी के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की बहुत संभावना है. इसके अलावा आज कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में हो सकती है सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज आगरा और ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना सबसे अधिक है. इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित 35 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
यूपी तक के अनुसार, मौसम विभाग ने आज अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि आज खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT











