UP New Highway: अगर आप दिल्ली के ट्रैफिक जाम से परेशान हैं या यूपी के बुंदेलखंड इलाके की तरफ अक्सर सफर करते हैं तो अब आपका सफर आसान होने वाला है. इसके साथ ही समय की भी बचत होगी. केंद्र सरकार ने दो रोड प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी है, जिससे आने वाले समय में दोनों राज्यों में सड़कों का जाल और मजबूत हो जाएगा.
ADVERTISEMENT
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए 14,115 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट वाले रोड प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी गई है.
उत्तर प्रदेश: कानपुर से बुंदेलखंड का सफर होगा आसान
यूपी के औद्योगिक शहर कानपुर और बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार माने जाने वाले कबरई (महोबा) के बीच सफर करने वालों के लिए भी यह फैसला किसी वरदान से कम नहीं है. कैबिनेट ने NH-34 के कानपुर-कबरई सेक्शन को चमकाने का फैसला किया है.
- शानदार हाईवे नेटवर्क: इस रूट पर 117.7 किलोमीटर लंबे 4/6-लेन वाले एक्सेस-कंट्रोल हाईवे का निर्माण किया जाएगा.
- प्रोजेक्ट की लागत: उत्तर प्रदेश के इस बड़े हाईवे प्रोजेक्ट पर ₹7,145.14 करोड़ खर्च होने का अनुमान है.
- फायदा: एक्सेस-कंट्रोल हाईवे होने की वजह से गाड़ियां बिना किसी रुकावट के तेज रफ्तार से दौड़ सकेंगी. इससे कानपुर और कबरई के बीच की दूरी तो कम होगी ही, साथ ही व्यापार और माल ढुलाई को भी भारी बढ़ावा मिलेगा.
दिल्ली में बनेगी 6-लेन की सुरंग
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत दिल्ली में एक बेहद आधुनिक 6-लेन सुरंग बनाई जाएगी, जो द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे साउथ दिल्ली से जोड़ेगी. वहीं दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश में कानपुर से कबरई के बीच एक शानदार 4/6-लेन एक्सेस-कंट्रोल हाईवे का निर्माण किया जाएगा.
दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे से सीधे पहुंचेंगे वसंत कुंज
दिल्ली के सबसे व्यस्त रूटों में से एक पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सरकार ने एक मास्टरप्लान तैयार किया है. नेशनल हाईवे 148AE (NH-148AE) के तहत एक 4/6-लेन रोड टनल के निर्माण को मंजूरी दी गई है.
- किसे जोड़ेगी यह सुरंग: यह आधुनिक सुरंग द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे साउथ दिल्ली के वसंत कुंज में स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी.
- कितनी होगी लंबाई: इस पूरे प्रोजेक्ट की लंबाई 8.1 किलोमीटर होगी.
- लागत: इस अंडरग्राउंड टनल प्रोजेक्ट को बनाने में कुल 6,969.67 करोड़ रुपये की पूंजी निवेश की जाएगी.
- फायदा: इस सुरंग के बनने से एयरपोर्ट जाने वाले और साउथ दिल्ली से गुरुग्राम-द्वारका की तरफ सफर करने वाले लोगों को रोजाना लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से निजात मिल जाएगी.
नया प्रोजेक्ट 16 इकोनॉमिक नोड्स (जैसे उन्नाव, बंथर, पंखी, रनिया, जैनपुर, रूमा, चकेरी, सुमेरपुर और भुरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया, ट्रांस गंगा इंटीग्रेटेड टाउनशिप, ग्रोथ सेंटर जयपुर, कानपुर नगर नोड और बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड) तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा.
कैबिनेट के इस बड़े फैसले से साफ है कि सरकार का पूरा फोकस इस समय देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को ग्लोबल लेवल का बनाने पर है. दिल्ली की सुरंग जहां शहरी ट्रैफिक की परिभाषा बदल देगी, वहीं यूपी का यह नया हाईवे विकास की रफ्तार को और तेज करेगा.
ADVERTISEMENT










