यूपी-बिहार के लोगों को मिली 4 स्पेशल ट्रेन की सौगात, त्योहारी सीजन में दिल्ली से मुंबई तक का सफर होगा आसान

आयशा शेख़

• 02:18 PM • 09 Sep 2026

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चार रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है. इनमें आनंद विहार-लौकहा बाजार और आनंद विहार-पाटलिपुत्र की रोजाना चलने वाली ट्रेनें, ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर की साप्ताहिक ट्रेन और हजरत निजामुद्दीन-दादर स्पेशल शामिल हैं.

UP Tak
Google CTA

UP Special Train: त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ा इंतजाम किया है. यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 4 रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है. इनमें आनंद विहार से लौकहा बाजार, ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर, हजरत निजामुद्दीन से दादर और आनंद विहार से पाटलिपुत्र के बीच ट्रेनें शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

इन स्पेशल ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. कुछ ट्रेनें रोजाना चलेंगी, जबकि एक ट्रेन साप्ताहिक और दूसरी सप्ताह में एक दिन चलेगी.

आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 04014/04013 आनंद विहार टर्मिनल और लौकहा बाजार के बीच चलेगी. आनंद विहार से ट्रेन 16 सितंबर से 29 नवंबर 2026 तक चलेगी. इस दौरान इसके 75 ट्रिप होंगे और रोजाना संचालित होगी. वापसी में लौकहा बाजार से ट्रेन 17 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी.

ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच होंगे. इसके रास्ते में गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी, झंझारपुर और अन्य प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.

ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक स्पेशल

ट्रेन नंबर 04314/04313 योग नगरी ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर जंक्शन के बीच चलेगी. ऋषिकेश से ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक चलेगी और इसके 9 ट्रिप होंगे. वापसी में मुजफ्फरपुर से ट्रेन 5 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी.

ट्रेन हर रविवार ऋषिकेश से और हर सोमवार मुजफ्फरपुर से चलेगी. इसमें AC, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा रहेगी. रास्ते में हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर जैसे स्टेशन आएंगे.

दिल्ली से मुंबई के बीच भी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन-दादर के बीच भी रिजर्व्ड सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन नंबर 04002/04001 हजरत निजामुद्दीन से 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक चलेगी. इसके 7 ट्रिप होंगे. वापसी में दादर से ट्रेन 15 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी.

ट्रेन मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन से और गुरुवार को दादर से चलेगी. इसका ठहराव मथुरा, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली समेत कई स्टेशनों पर होगा. इसमें AC कोच होंगे.

आनंद विहार-पाटलिपुत्र ट्रेन भी रोज चलेगी

ट्रेन नंबर 04096/04095 आनंद विहार टर्मिनल और पाटलिपुत्र के बीच चलेगी. आनंद विहार से इसकी सेवा 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक और पाटलिपुत्र से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक रहेगी. दोनों दिशाओं में इसके 60-60 ट्रिप होंगे और ट्रेन रोजाना चलेगी.

इस ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच होंगे. रास्ते में गाजियाबाद, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा और दीघवारा समेत कई स्टेशन शामिल हैं.