Saharanpur News: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करना हुदा जरीवाला को भारी पड़ गया. पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. वकील दुष्यंत सिंह की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि हुदा जरीवाला ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सहारनपुर के जिलाधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. पुलिस अब वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. इस कार्रवाई के बीच 7 सितंबर को सहारनपुर में हुए घटनाक्रम ने भी मामले को और चर्चा में ला दिया है.
सपा-कांग्रेस नेताओं के दौरे के दौरान हुआ हंगामा
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को सपा और कांग्रेस नेताओं के सहारनपुर दौरे के दौरान हुदा जरीवाला सर्किट हाउस पहुंचीं. सुरक्षा व्यवस्था के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. आरोप है कि इसके बाद उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हुई और मौके पर हंगामा हुआ.
पुलिस का कहना है कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुदा जरीवाला को हिरासत में लिया गया. बाद में शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज हुआ मुकदमा
इससे पहले वकील दुष्यंत सिंह की तहरीर पर थाना सदर बाजार में हुदा जरीवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. तहरीर में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस पता लगा रही है कि सोशल मीडिया पर सामने आई कथित टिप्पणियां वास्तव में हुदा जरीवाला की ओर से की गई थीं या नहीं.
खुद को बताती हैं राजनीतिक विश्लेषक और पूर्व न्यूज एंकर
हुदा जरीवाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को राजनीतिक विश्लेषक बताया है. उनके प्रोफाइल के मुताबिक, वह सऊदी अरब के टीवी चैनल-2 की पूर्व न्यूज एंकर, दुबई की पत्रकार और सार्वजनिक वक्ता रही हैं. प्रोफाइल में बीबीसी लंदन की सह-कलाकार होने का भी दावा किया गया है.
एसपी सिटी ने सोशल मीडिया यूजर्स को दी चेतावनी
सहारनपुर के एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना सदर बाजार में एक तहरीर मिली थी, जिसमें महिला पर सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने का आरोप लगाया गया था. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया.
एसपी सिटी ने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की अपील की. उन्होंने कहा कि भ्रामक तथ्य, भड़काऊ भाषण या हिंसा पैदा करने वाली सामग्री सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट नहीं करनी चाहिए. पुलिस ने चेतावनी दी कि इस तरह की सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के मुताबिक, हुदा जरीवाला का स्थानीय निवास सहारनपुर बताया गया है, जबकि उनके मूल निवास की जानकारी की अभी जांच की जा रही है. वायरल वीडियो और कथित सोशल मीडिया टिप्पणियों की भी पुलिस जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











