यूपी में एक और मस्जिद पर एक्शन की तैयारी, इमाम बोले- दशकों पुरानी है इमारत

यूपी तक

• 01:44 PM • 08 Sep 2026

मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित मुस्तफा मस्जिद के निर्माण को लेकर MDA ने नोटिस जारी कर स्वीकृति दस्तावेज और मानचित्र से जुड़ी जानकारी मांगी है. करीब 300 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस निर्माण की शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण दस्तावेजों की जांच कर रहा है.

UP Tak

प्रतीकात्मक तस्वीर

Google CTA

मुरादाबाद में दिल्ली रोड पर टीएमयू के सामने स्थित मुस्तफा मस्जिद को लेकर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने नोटिस जारी किया है. प्राधिकरण ने मस्जिद के निर्माण से जुड़े स्वीकृति दस्तावेज और मानचित्र संबंधी जानकारी मांगी है.

यह भी पढ़ें...

करीब 300 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस निर्माण को लेकर मिली शिकायत के बाद MDA ने कार्रवाई शुरू की है. अब मस्जिद प्रबंधन को संबंधित दस्तावेज पेश करने होंगे. दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी.

शिकायत के बाद MDA ने जारी किया नोटिस

MDA के मुताबिक, प्राधिकरण को शिकायत मिली थी कि मुस्तफा मस्जिद के निर्माण का मानचित्र स्वीकृत नहीं है. शिकायत के आधार पर प्राधिकरण ने मस्जिद प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्माण से संबंधित स्वीकृति और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे हैं.

मस्जिद दिल्ली रोड के किनारे और टीएमयू के सामने स्थित है. नोटिस में निर्माण से जुड़े सड़क और यातायात के पहलुओं का भी उल्लेख किया गया है. हालांकि, MDA ने फिलहाल निर्माण को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. प्राधिकरण का कहना है कि पहले उपलब्ध कराए जाने वाले दस्तावेजों की जांच की जाएगी और उसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.

इमाम बोले- दशकों पुरानी है मस्जिद

मुस्तफा मस्जिद के इमाम मोहम्मद शान अजहरी ने MDA की कार्रवाई पर अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि मस्जिद की इमारत नई नहीं है, बल्कि दशकों पुरानी है. इमाम के मुताबिक, उनके बुजुर्गों के समय से यहां नियमित रूप से नमाज अदा की जाती रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मस्जिद की वजह से दिल्ली रोड के यातायात में किसी तरह की परेशानी नहीं होती. उन्होंने कहा कि MDA के नोटिस का नियमानुसार जवाब दिया जाएगा.

मुतवल्ली और प्रबंधन समिति करेगी कानूनी पैरवी

मस्जिद प्रबंधन की ओर से मामले में कानूनी प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई है. इमाम के मुताबिक, मस्जिद के मुतवल्ली जीशान, पुत्र फरीद जब्बार और प्रबंधन समिति की ओर से मामले की कानूनी पैरवी की जाएगी. प्रबंधन का कहना है कि नोटिस का जवाब संबंधित दस्तावेजों के साथ नियमों के तहत दिया जाएगा.

MDA VC ने क्या कहा?

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि मुस्तफा मस्जिद को लेकर प्राधिकरण को शिकायत मिली थी. शिकायत में निर्माण का मानचित्र स्वीकृत नहीं होने की बात कही गई थी.

उन्होंने बताया कि इसी शिकायत के आधार पर मस्जिद प्रबंधन को नोटिस जारी कर संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं. अभी दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया चल रही है. वीसी के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल प्राधिकरण की ओर से मामले में दस्तावेजों की जांच की जा रही है.