UP New Six Lane Highway: उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लालगंज से बाराबंकी तक सिक्स लेन हाईवे बनाने का प्रस्ताव है. इस सड़क की लंबाई करीब 120 किलोमीटर होगी. इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
हाईवे महाराजगंज और हैदरगढ़ होते हुए बाराबंकी तक जाएगा. प्रस्तावित सड़क से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे समेत नेशनल हाईवे और राजमार्गों के साथ करीब 50 मार्ग जुड़ेंगे.
लालगंज से बाराबंकी तक ऐसा होगा रूट
- लालगंज से महाराजगंज: करीब 50 किलोमीटर
- महाराजगंज से हैदरगढ़: करीब 30 किलोमीटर
- हैदरगढ़ से प्रसिद्ध शिवधाम श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर के पास से कोठी होते हुए बाराबंकी: करीब 40 किलोमीटर
1000 करोड़ रुपये की आएगी लागत
अधिशासी अभियंता अजीत सोनकर के मुताबिक, अभी इस परियोजना का सर्वे किया गया है. बड़े प्रोजेक्ट पर करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. फिलहाल शासन से बजट मंजूरी का इंतजार है.
करीब 500 गांवों को मिलेगा फायदा
हाईवे की कुल लंबाई करीब 120 किलोमीटर होगी. प्रस्तावित सिक्स लेन हाईवे में कोठी से बाराबंकी तक बांदा-बहराइच मार्ग का हिस्सा भी शामिल है. इसके अलावा लालगंज, महाराजगंज, हैदरगढ़ और बाराबंकी क्षेत्र की करीब 50 छोटी-बड़ी सड़कें इससे जुड़ेंगी.
इससे आसपास के करीब 500 गांवों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है. बेहतर कनेक्टिविटी से इन इलाकों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी.
हैदरगढ़ में बाईपास का भी प्रस्ताव
हैदरगढ़ में वाहनों को कस्बे से बाहर निकालने के लिए बाईपास बनाने का प्रस्ताव भी है. वहीं बाराबंकी से नई सड़क तक करीब 37 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव फिलहाल रोक दिया गया है. अभी पूरा प्रोजेक्ट प्रस्ताव और सर्वे के स्तर पर है. आगे की प्रक्रिया बजट मंजूरी के बाद बढ़ेगी.
ADVERTISEMENT











