UP Weather: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद अब 9 सितंबर को लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 9 सितंबर को प्रदेश में भारी बारिश का दौर थम जाएगा. मौसम विभाग ने 9 सितंबर के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें जरूर देखने को मिल सकती हैं. वहीं 10 और 11 सितंबर को भी पूरे प्रदेश में बारिश की आशंका नहीं है.
ADVERTISEMENT
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
9 सितंबर को पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहेंगी जहां केवल कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं.
आफत की बारिश से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 सितंबर को जहां श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, देवरिया, सिद्धार्थनगर और चित्रकूट जैसे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट था. वहीं 9 सितंबर से स्थिति में सुधार आएगा. 9 सितंबर को राज्य के किसी भी जिले के लिए यलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम विभाग ने इस दिन को नो अलर्ट की श्रेणी में रखा है.
किन-किन जिलों में हो सकती है हल्की छिटपुट बारिश?
9 सितंबर को किसी विशेष जिले में भारी बारिश का अनुमान तो नहीं है. लेकिन तराई और पूर्वी उत्तर प्रदेश से सटे जिलों जैसे गोंडा, बस्ती, बहराइच, गोरखपुर, महाराजगंज और कुशीनगर के आसपास में स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बौछारें गिर सकती हैं.
किसानों के लिए मौसम विभाग का सुझाव
हालांकि 9 सितंबर से भारी बारिश रुकने का अनुमान है. लेकिन पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण धान, मक्का, गन्ना और तिलहन की फसलों के खेतों में जमा पानी को तुरंत बाहर निकालने की सलाह दी गई है ताकि फसलों की जड़ों को सड़ने से बचाया जा सके.
ADVERTISEMENT











