उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला मुख्यालय स्थित 'द रेनबो विद्यालय' से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें स्कूल प्रबंधक दिनेश रॉय अपनी ही संस्था की एक महिला शिक्षिका पर कथित तौर पर अनैतिक संबंध बनाने का घिनौना दबाव डालते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो खुद पीड़ित शिक्षिका द्वारा बनाया गया है, जिसमें वह प्रबंधक को लगातार दूर रहने और छूने से मना करती दिख रही हैं.
ADVERTISEMENT
वीडियो में शिक्षिका बार-बार प्रबंधक को लताड़ते हुए कहती हैं, "आप मुझे बिल्कुल टच नहीं कर सकते, हाथ लगाया तो थप्पड़ मार दूंगी." शिक्षिका के अनुसार, प्रबंधक अपनी बीमार पत्नी का हवाला देकर उन पर जबरन दबाव बना रहा था.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रबंधक दिनेश रॉय बार-बार महिला शिक्षिका के करीब जाने और उन्हें छूने का प्रयास कर रहा है. वहीं, बेबस लेकिन निडर शिक्षिका हिम्मत दिखाते हुए कह रही हैं कि 'आपके मन में गंदगी बैठ गई है, आप बहुत गंदे इंसान हैं. आपकी पत्नी बीमार है तो दूसरी शादी कर लीजिए या बाजार चले जाइए, लेकिन स्कूल में यह सब नहीं चलेगा.' शिक्षिका ने यह भी सवाल उठाया कि क्या वह अन्य महिला स्टाफ और किसी की बेटी के साथ भी यही रवैया अपनाते हैं. वीडियो में शिक्षिका प्रबंधक की हर हरकत को रिकॉर्ड करते हुए लगातार खुद को दूर रहने की चेतावनी देती नजर आ रही हैं.
इस मामले में महिला शिक्षिका की पहचान और संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें सुरक्षा दी गई है. शिक्षिका ने स्थानीय थाने में पूरी घटना की लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी स्कूल प्रबंधक दिनेश रॉय को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच और प्राप्त तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन जारी है.
ADVERTISEMENT











