चलती फ्लाइट में को-पायलट ने किया हमला, घायल होकर कैप्टन स्मित मच्छार ने बचाई 174 यात्रियों की जान, CM योगी तारीफ करते नहीं थके!

यूपी तक

• 01:36 PM • 01 Oct 2026

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की. सह-पायलट के हमले में घायल होने के बावजूद उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई.

Photo: flydubai pilot Smit Machchhar and CM Yogi

Photo: flydubai pilot Smit Machchhar and CM Yogi

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की है. कैप्टन मच्छार ने उड़ान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक बड़े हवाई हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि गंभीर खतरे के बीच कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा दिखाया गया साहस और कर्तव्यबोध बेहद सराहनीय है. उन्होंने कहा कि संकट के दौरान गंभीर चोटें लगने के बाद भी कैप्टन मच्छार दृढ़ रहे और विमान में सवार लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सीएम योगी ने उनके साहस को नमन करते हुए प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने, शक्ति और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने X पर ये लिखा

घटना के दौरान क्या-क्या हुआ?

यह घटना तब घटी जब 174 लोगों को ले जा रही दुबई से तेल अवीव की एक फ्लाइट के दौरान सह-पायलट (को-पायलट) ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. गंभीर चोटों के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर का मुकाबला करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की. इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने मिलकर हमलावर को काबू में कर लिया. घटना के तुरंत बाद विमान को डाइवर्ट कर सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया. इस साहसिक कदम के लिए इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी 174 लोगों की जान बचाने का श्रेय कैप्टन मच्छार को देते हुए उन्हें एक 'सच्चा हीरो' करार दिया था.

मुंबई के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के पास कमर्शियल फ्लाइंग का 13 साल से अधिक का अनुभव है और उनके पास 9,500 से अधिक उड़ानों के घंटे का रिकॉर्ड है. फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने 11 साल से अधिक समय स्पाइसजेट के साथ बिताया था, जहां वे एक लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में कार्यरत थे. इसके बाद जून 2022 में वे फ्लाईदुबई में शामिल हुए थे. गंभीर संकट के समय उनके द्वारा दिखाई गई इस बहादुरी और पेशेवर सूझबूझ की चारों तरफ सराहना हो रही है.

ये भी पढ़ें: CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, तत्परता और संवेदनशीलता से कराएं समस्याओं का निराकरण