संभल CO कुलदीप कुमार ने ईद, अलविदा जुमा से पहले पीस कमेटी को ईरान वाली ऐसी वार्निंग दी कि वायरल हो गए!

UP News: ईरान जंग को लेकर संभल सीओ ने पीस कमेटी में सख्त बयान दिया है. उन्होंने अलविदा जुमे और ईद से पहले बड़ी हिदायत दे डाली है.

UP News

अभिनव माथुर

12 Mar 2026 (अपडेटेड: 12 Mar 2026, 09:54 AM)

follow google news

UP News: ईद उल फितर से पहले अलविदा जुमा की नमाज को लेकर यूपी के संभल में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर आ गया है. दरअसल ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर भारत में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है. मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर आकर अमेरिका-इजरायल का विरोध कर रहे हैं. अब इसी को लेकर पीस कमेटी में संभल पुलिस ने सख्त चेतावनी दे दी है.

यह भी पढ़ें...

पीस कमेटी की बैठक में संभल सीओ कुलदीप कुमार ने साफ कहा, जिन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है, वह लोग जहाज में बैठकर ईरान जाएं और वही पर ईरान की तरफ से लड़ाई लड़े, लेकिन दो देशों के बीच हो रहे झगड़े का असर हमारे देश की कानून व्यवस्था पर नहीं पड़ना चाहिए. सीओ ने आगे कहा, अगर ऐसा हुआ तो हम उसका बहुत बढ़िया इलाज करेंगे. इसलिए अलविदा जुमा की नमाज में देश के विरोध में नारे, काली पट्टी बांधकर विरोध नहीं होना चाहिए. 

जहाज में बैठकर ईरान जाए….

पीस कमेटी की बैठक में संभल सीओ ने साफ कहा, जिन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है, जिन लोगों को ईरान की इतनी चिंता है, वह लोग जहाज पर बैठकर ईरान चले जाए और ईरान की तरफ से जाकर लड़े. सीओ ने कहा कि समझ लें और समझा दें. क्योंकि फिर पुलिस इलाज करती है. ऐसी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ये प्यार और सौहार्द का त्योहार है.

संभल पुलिस ने साफ कहा है अगर कोई भी व्यक्ति ईरान को लेकर छाती पीटेंगे तो वह ईरान चला जाएं. लेकिन इस देश में फिजा बिगड़ेगा तो हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. 

सड़क पर नमाज पढ़ी तो…

पीस कमेटी की बैठक में सीओ ने सड़क पर नमाज पढ़ने वालों को लेकर भी सख्त हिदायत दी. उन्होंने कहा,  एक आदमी भी मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ता हुआ नहीं मिलना चाहिए. ये बिल्कुल साफ है. अगर ऐसा होता है तो हम केस दर्ज करके, उसे जेल भेज देंगे. एक-एक आदमी तक ये मैसेज जाना चाहिए.

दरअसल अलविदा जुमा की नमाज वाले दिन जामा मस्जिद पर विरोध प्रदर्शन की आशंकाओं को देखते हुए संभल सदर कोतवाली में सीओ कुलदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सदर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक की. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सख्त हिदायत दे डाली.