Raja Bhaiya Statement on DMK: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. 4 मई 2026 को आए परिणामों में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) को बड़ी हार का सामना करना पड़ा. इस बीच उत्तर प्रदेश के कुंडा विधायक और जनसत्ता पार्टी के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं. राजा भैया ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए पुराने बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा, 'मिट गए सनातन को मिटाने का सपना देखने वाले.' उनका यह बयान चुनाव नतीजों के बाद सामने आया है.
ADVERTISEMENT
पुराने बयान को लेकर फिर साधा निशाना
दरअसल, साल 2023 में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की युवा इकाई के सचिव और राज्य के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है और इसे खत्म कर देना चाहिए. इतना ही नहीं, उन्होंने सनातन धर्म की तुलना कोरोना, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से करते हुए कहा था कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं, बल्कि उन्हें समाप्त कर देना चाहिए. इस बयान के बाद देशभर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था.
पहले भी जता चुके हैं विरोध
राजा भैया ने उस समय भी इस बयान की आलोचना की थी. उन्होंने इसे हिंदुओं के प्रति नफरत बताया था और कहा था कि हर भारतीय को इसका विरोध करना चाहिए. उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि क्या I.N.D.I.A गठबंधन इस बयान से सहमत है या नहीं.
अब तमिलनाडु चुनाव के नतीजों के बाद राजा भैया ने एक बार फिर इसी मुद्दे को उठाया है. उनके ताजा बयान से राजनीतिक माहौल फिर गर्म हो गया है और सनातन धर्म पर दिया गया पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
(आज तक के इनपुट से)
ADVERTISEMENT









