पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की 293 सीटों पर आज यानी 4 मई को वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक बढ़त हासिल कर ली है. इस सियासी उलटफेर के बीच सोशल मीडिया पर टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता का वह पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने यूपी काडर के आईपीएस और चुनाव आयोग के पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा को खुली चेतावनी दी थी.
ADVERTISEMENT
क्या था फालता सीट का पूरा विवाद?
चुनाव के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले की फालता विधानसभा सीट सबसे हॉट सीटों में से एक बन गई थी. उत्तर प्रदेश के 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' और सिंघम के नाम से मशहूर आईपीएस अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग ने यहां पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया था. अजय पाल शर्मा खुद टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर के बाहर पहुंचे थे. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी थी कि अगर चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या हिंसा की गई, तो फिर 'कायदे' से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एक बाहरी राज्य के पुलिस अधिकारी की इस सक्रियता पर टीएमसी ने कड़ा ऐतराज जताया था और इसे 'बीजेपी के इशारे पर की गई कार्रवाई' करार दिया था.
रिजु दत्ता का बयान- 'यूपी से बंगाल ले आएंगे'
अजय पाल शर्मा की इस सख्ती के बाद टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने एक वीडियो जारी कर बिना नाम लिए उन पर बड़ा हमला बोला था. रिजु दत्ता ने कहा था, "हमारी नजर आप पर है, और 4 मई के बाद तो BJP के नेता भी आपको नहीं बचा पाएंगे; हम आपको UP से बंगाल ले आएंगे."
4 मई के नतीजों ने बदला माहौल
आज जब 4 मई को मतगणना हो रही है और रुझानों में भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है, तो रिजु दत्ता का यह वीडियो उनके लिए गले की फांस बन गया है. यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर लिख रहे हैं कि "बंगाल लाने की बात करने वाले खुद सत्ता से बाहर हो रहे हैं."
कौन हैं अजय पाल शर्मा?
अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश काडर के एक चर्चित आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें अपराध के खिलाफ उनके 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' वाले अंदाज़ के लिए जाना जाता है. लुधियाना के रहने वाले अजय पाल बीडीएस डॉक्टर भी हैं और उनकी छवि एक निडर अधिकारी की रही है. बंगाल चुनाव में उनकी तैनाती ने टीएमसी और बीजेपी के बीच ज़ुबानी जंग को और तेज कर दिया था.
ADVERTISEMENT









