UP Politics News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया बदलाव देखने को मिला है, जहां सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद्र कश्यप ने वीआईपी पार्टी की सदस्यता ले ली है. बता दें वह पहले ओम प्रकाश राजभर की पार्टी से जुड़े हुए थे. इसके साथ ही पूर्व मंत्री और जन अधिकारी पार्टी के नेता रहे अच्छे लाल निषाद भी वीआईपी पार्टी में शामिल हो गए हैं. बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की अगुवाई वाली इस पार्टी के लिए इसे उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
राज्य में इन दिनों सभी राजनीतिक दल अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं. इसी बीच SBSP के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद्र कश्यप का वीआईपी पार्टी में जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. कश्यप पहले ओम प्रकाश राजभर की पार्टी में महत्वपूर्ण पद पर थे, लेकिन अब उन्होंने मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी का दामन थाम लिया है. उनके इस कदम को राजनीतिक हलकों में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
इसी कार्यक्रम में अच्छे लाल निषाद ने भी वीआईपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. वह पहले जन अधिकारी पार्टी से जुड़े थे और पूर्व मंत्री रह चुके हैं. उनके पार्टी में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
ओम प्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं. वह SBSP के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और पिछड़े वर्ग, खासकर राजभर समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने समय-समय पर अलग-अलग दलों के साथ गठबंधन किया है. वर्तमान में वह भाजपा के साथ हैं और योगी सरकार में मंत्री पद पर कार्यरत हैं. राज्य की राजनीति में उनकी भूमिका काफी प्रभावशाली मानी जाती है.
ADVERTISEMENT









