बागपत की चौकी में पूछताछ के लिए लाए गए रोहित राणा का शव मिला तो पूरी कहानी पता चली

UP News: सवाल ये है कि आखिर पुलिस हिरासत में ऐसा क्या हुआ कि युवक की जान चली गई? फिलहाल मामले को लेकर गुस्सा बना हुआ है.

UP News

मनुदेव उपाध्याय

03 May 2026 (अपडेटेड: 03 May 2026, 10:09 AM)

follow google news

UP News: बागपत जिले के थाना दोघट क्षेत्र की भड़ल चौकी में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान रोहित राणा के रूप में हुई है. मृतक दोघट क्षेत्र के निरपुड़ा गांव का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हो रही नल कूप चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए पुलिस रोहित राणा को पुलिस चौकी लेकर आई थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी लाश चौकी के एक कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली. 

यह भी पढ़ें...

सवाल ये है कि आखिर पुलिस हिरासत में ऐसा क्या हुआ कि युवक की जान चली गई? दरअसल रोहित राणा मेरठ की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और घटना वाले दिन ही अपने गांव लौटा था. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के नाम पर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर दी. मृतक की बहन ने पुलिस पर कई सवाल खड़े किए हैं और आरोप लगाया है कि पुलिस शव को जिला अस्पताल में छोड़कर भाग गई. 

लोगों में गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण चौकी पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और पुलिस के खिलाफ सख्त कार्रवाई कीमांग की. दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों का दावा है कि युवक ने हवालात में आत्महत्या की है. फिलहाल मामले को देखते हुए चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इसी के साथ मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

एसपी ने ये बताया

इस पूरे मामले को लेकर सूरज राय (एसपी, बागपत) ने बताया, थाना दोघट क्षेत्र स्थित चौकी भड़ल पर रोहित नाम के युवक को पूछताछ के लिए लाया गया था. पूछताछ उपरांत युवक को सुपुर्द करने के लिए उसके परिजनों को भी चौकी पर बुलाया गया था. इसी दौरान युवक ने चौकी परिसर में आत्महत्या का प्रयास किया. उसे फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल चौकी प्रभारी व 2 आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.