PM Awas Yojana: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवार जल्दी ही अपना पक्का घर बना सकेंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिन्हें पक्के मकान दिए जाने हैं, उन लोगों की फाइनल लिस्ट तैयार करने का काम अब अपने आखिरी चरण में है. उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर इस काम को पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित किए गए समय के अंदर पूरा किया जा रहा है, ताकि गरीबों को उनके सपनों का पक्का घर जल्द से जल्द दिया जा सके.
ADVERTISEMENT
15 जुलाई को जारी होगी लिस्ट
उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक लोगों की सभी शिकायतों को सुलझा लिया जाए. इसके साथ ही शिकायतों का निपटारा करने के बाद 15 जुलाई के दिन ही जिन पात्र उम्मीदवारों को पक्का घर दिया जाना है, उन परिवारों की स्थायी और फाइनल लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी.
आवास प्लस सर्वेक्षण से हुआ सत्यापन
आवास योजना का लाभ जरूरतमंद और गरीब लोगों को मिले, इसके लिए केंद्र सरकार के निर्देश पर ‘आवास प्लस सर्वेक्षण-2024’ कराया गया था. इस सर्वे के दौरान गांवों में ग्राम पंचायतवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर सभी पात्र परिवारों की बारीकी से जांच की गई है.
ग्राम सभा की बैठक में फैसला
सर्वेक्षण के बाद भारत सरकार से मिली कंप्यूटर जनरेटेड लिस्ट को ग्राम सभा की बैठकों में रखा जा रहा है. ग्राम सभा की आपसी सहमति से लिए गए निर्णयों के आधार पर पात्र उम्मीदवारों की लिस्ट को फाइनल किया जा रहा है. इसके साथ ही लिस्ट फाइनल होने के बाद सभी पात्र लोगों के नाम और उनकी पूरी जानकारी को ‘आवास सॉफ्ट’ नाम के सरकारी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा.
शिकायत के लिए बनी खास कमेटी
इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गड़बड़ी को रोकने के लिए यूपी के सभी 75 जिलों में तीन सदस्यों वाली एक जिले स्तर पर अपीलीय समिति बनाई गई है. अगर सरकारी लिस्ट में किसी पात्र व्यक्ति का नाम गलती से कट जाता है या उसके वरीयता क्रम को बदल दिया जाता है, तो वह व्यक्ति इस कमेटी या अपने ब्लॉक के अधिकारी (BDO) के समक्ष इसकी शिकायत कर सकता है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर इस तारीख से दौड़ने लगेंगी गाड़ियां, टोल टैक्स को लेकर भी आ गया अपडेट
ADVERTISEMENT











