यूपी में करोड़ों में बना एक्सप्रेसवे हो गया टोल फ्री, यात्रियों का एक रुपया भी नहीं होगा खर्च

आयशा शेख़

• 08:26 PM • 06 Aug 2026

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने और गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच NHAI ने बड़ा फैसला लिया है. मरम्मत पूरी होने तक एक्सप्रेसवे को टोल फ्री कर दिया गया है.

UP Tak
Google CTA

Lucknow-Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब बड़ा फैसला लिया गया है. जगह-जगह सड़क खराब होने और धंसने की शिकायतों के बाद एनएचएआई ने एक्सप्रेसवे को फिलहाल टोल फ्री कर दिया है. यानी मरम्मत पूरी होने तक यात्रियों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

फैसला ऐसे समय आया है जब 13 जुलाई को उद्घाटन के कुछ ही हफ्तों बाद 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और लोगों की शिकायतों ने मामले को और गंभीर बना दिया.

मरम्मत पूरी होने तक टोल फ्री रहेगा एक्सप्रेसवे

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बुधवार को साफ कहा कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जब तक क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी वाहन से टोल नहीं लिया जाएगा.

NHAI के मुताबिक, टोल से होने वाले नुकसान की भरपाई संबंधित कंसेशनियर (ठेकेदार) से की जाएगी. यानी यात्रियों को फिलहाल राहत मिलेगी, लेकिन इसकी आर्थिक जिम्मेदारी ठेकेदार कंपनी पर डाली जाएगी.

टूटी सड़क पर लिया जा रहा था 275 रुपये का टोल

एक्सप्रेसवे पर कार, जीप और वैन के लिए 275 रुपये का वन-वे टोल लिया जा रहा था. हालांकि सालाना पास की सुविधा भी उपलब्ध थी.

इसी बीच कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावा किया कि खासकर उन्नाव-लखनऊ कैरिजवे पर सड़क की गुणवत्ता ठीक नहीं है और कई जगह पैचवर्क दिखाई दे रहा है. करोड़ों रुपये की लागत से बने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने सवाल उठाए.

26 जुलाई को सड़क धंसने के बाद बढ़ी चिंता

NHAI के अनुसार, 26 जुलाई को एक्सप्रेसवे के 64वें किलोमीटर के पास सड़क धंसने (स्लिपेज) की घटना सामने आई थी. इसके बाद तुरंत मरम्मत का काम शुरू कराया गया और प्रभावित हिस्से पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया. अथॉरिटी का कहना है कि फिलहाल उस स्थान पर वाहनों की आवाजाही सामान्य तरीके से जारी है.

ठेकेदार कंपनी पर सख्त कार्रवाई की तैयारी

NHAI ने प्रोजेक्ट से जुड़ी PNC इंफ्राटेक लिमिटेड को 'नॉन-परफॉर्मर' घोषित करने का प्रस्ताव रखते हुए नोटिस जारी किया है. अगर प्रस्ताव लागू होता है तो कंपनी भविष्य में NHAI की परियोजनाओं की बोली में हिस्सा नहीं ले सकेगी.

इसके अलावा कंपनी पर परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के दो प्रतिशत के बराबर जुर्माना लगाने, उसकी परफॉर्मेंस रेटिंग घटाने और जिम्मेदार अधिकारियों को तीन साल तक प्रतिबंधित करने के लिए भी शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है. NHAI ने निर्देश दिया है कि प्रभावित सड़क की मरम्मत कंपनी अपने खर्च पर कराए. इस काम में करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.