UP News: कानपुर की सोसाइटी में रहने वाले शशि रंजन मिश्रा ने अपनी ही 2 मासूम बेटियों को मार डाला. उसने दोनों बेटियों का गला रेत डाला और फिर पुलिस को फोन करके, खुद ही घटना की जानकारी दी. शशि रंजन मिश्रा ने ऐसा क्यों किया और हत्या की असल वजह क्या थी? इसको लेकर अब उसकी पत्नी रेशमा ने अपनी और अपने पति की सारी कहानी बताई है. इसी के साथ रेशमा ने पति के लिए फांसी की मांग भी कर दी है.
ADVERTISEMENT
रेशमा ने बताया है कि उसकी दोनों बेटियां पति के साथ तो वहीं बेटा उसके साथ रहता था. एक ही घर में रहने के बाद भी वह पति के कमरे में नहीं जा सकती थी. पति ने इसकी इजाजत नहीं दी थी. यहां तक की पति ने घर के अंदर, कमरों तक में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे. रेशमा का कहना है कि वह हमेशा पति की निगरानी में रहती थी.
लव मैरिज के बाद सब बदल गया
रेशमा बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली है तो शशि रंजन मिश्रा बिहार का रहने वाला है. दोनों की मुलाकात कानपुर में ही हुई. दोनों में प्यार हुआ और साल 2014 में दोनों ने शादी कर ली. रेशमा के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही सब बदल गया. पति को शराब की आदत लग गई और वह शक करने लगे. मारपीट तक होने लगी.
बेटियों संग रहने की बात करता था पति- रेशमा
रेशमा का कहना है कि पति कहता था कि वह बेटे को लेकर चली जाए. मगर बेटियां उसके साथ रही रहेंगी. रेशमा का कहना है कि इस सब से परेशान होकर वह मायके चली गई. उसके साथ उसका बेटा गया. मगर बेटियां पति के साथ ही रहीं. करीब 9 महीने तक वह बेटियों से दूर रही. फिर बेटियों के लिए ही वह वापस कानपुर आ गई.
पति कहता था- मैं जीना नहीं चाहता...
रेशमा का कहना है कि पति कहता था कि वह जीना नहीं चाहता. वह बेटियों को भी अपने साथ ही ले जाएगा. दरअसल पुलिस की जांच में शशि रंजन मिश्रा को लेकर कुछ अहम बात सामने आई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि शशि रंजन मिश्रा तनाव में था. उसकी मां की मौत कुछ समय पहले ही हुई थी. मां की मौत के बाद उसकी मानसिक हालत और ज्यादा खराब हो गई थी. परिवार में विवाद, शक ने हालातों को और बिगाड़ दिया था.
घटना वाली रात क्या हुआ?
रेशमा के मुताबिक, घटना वाली रात परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया. फिर बेटियों पति के साथ कमरे में चली गईं. फिर पति ने फोन मिलाया और बात करने लगा. रात 2.30 बजे करीब पति एक बेटी को लेकर बाथरूम गया. फिर पति बाहर आया और कमरे की लाइन बंद हो गई. रेशमा ने बताया कि वह ये सब बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में देख रही थी. मगर कुछ गड़बड़ नहीं लगा. लेकिन इसी दौरान पति ने दोनों बेटियों को मार डाला था.
पुलिस जांच में सामने आया है कि बेटियों को मारने से पहले आरोपी पिता ने दोनों को खाने में नींद की गोलियां मिलाई थी. जब बेटी गहरी नींद में आ गईं तो आरोपी पिता ने दोनों को मार डाला.
ADVERTISEMENT









