यूपी के इन 2 जिलों के किसानों को मिलेगा मोटा पैसा! YEIDA ने जमीन का बढ़ा दिया मुआवजा

आयशा शेख़

• 08:18 PM • 18 Aug 2026

YEIDA News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक में गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. YEIDA ने आपसी सहमति से जमीन खरीदने की दर में 6 फीसदी बढ़ोतरी की है.

UP Tak

प्रतीकात्मक तस्वीर

Google CTA

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक में किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. प्राधिकरण ने जमीनों के मुआवजे और खरीद दरों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है, जिससे गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिले के किसानों को सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा.

यह भी पढ़ें...

मुआवजे की नई दरें तय

प्राधिकरण ने आपसी सहमति से किसानों से जमीन खरीदने की मौजूदा दरों में 6 फीसदी का इजाफा किया है. अब फेज-1 के तहत आने वाले गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिलों में नियोजित विकास के लिए किसानों की जमीन 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर की बजाय 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से खरीदी जाएगी.

आबादी प्लॉट का भी विकल्प मौजूद

जो किसान अपनी जमीन प्राधिकरण को देंगे, उनके लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था भी तय की गई है. इसके तहत किसानों को 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से नकद भुगतान के साथ-साथ 7 फीसदी आबादी प्लॉट देने का प्रावधान भी रखा गया है.

किसानों के लिए आधुनिक मंडी का तोहफा

मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी के अलावा, किसानों की कृषि उपज को बेहतर बाजार देने के लिए भी कदम उठाया गया है. सेक्टर 34 में करीब 36 एकड़ जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से लैस मंडी बनाई जाएगी. इससे क्षेत्रीय किसानों को अपनी फसलों के भंडारण, विपणन और व्यापार के लिए एक संगठित और बेहतर बाजार मिल सकेगा.

जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में विकास की तेज रफ्तार

इस बैठक में मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, ताइवान सिटी, फार्मास्युटिकल क्लस्टर और इंटरनेशनल स्टेडियम जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी गई है. इन सभी विकास कार्यों के लिए किसानों से बड़े पैमाने पर जमीन की आवश्यकता होगी, और नई मुआवजा दरों के लागू होने से किसानों को उनकी जमीन का सही और बेहतर दाम मिल सकेगा.