डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) ने मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर रैपिड कार्गो पार्सल सर्विस शुरू की. सेवा उत्तर प्रदेश के न्यू दादरी स्टेशन को गुजरात के न्यू अंछेली स्टेशन से जोड़ेगी.
ADVERTISEMENT
इस नई सेवा से दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब से गुजरात के औद्योगिक केंद्रों तक पार्सल भेजना आसान और तेज होगा. खास तौर पर ई-कॉमर्स और FMCG सेक्टर को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है.
न्यू दादरी से गुजरात तक 1200 किमी का सफर
DFCCIL के मुताबिक, संयुक्त पार्सल उत्पाद – त्वरित कार्गो सेवा (JPP-RCS) के तहत न्यू दादरी से न्यू अंछेली के बीच करीब 1,200 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. ट्रेन को दूरी तय करने में लगभग 23 घंटे लगेंगे.
इस सेवा की शुरुआत 18 अगस्त को न्यू दादरी से हुई है. वहीं गुजरात के न्यू अंछेली से वापसी दिशा की सेवा 20 अगस्त 2026 से शुरू होगी. रास्ते में गुजरात के न्यू मोटीदाऊ स्टेशन पर पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा भी रहेगी.
यूपी के कारोबारियों को क्या फायदा?
अब तक NMGHS वैगन से चलने वाली मौजूदा पार्सल सेवा मुख्य रूप से अहमदाबाद तक के गंतव्यों को कवर करती थी. नई JPP-RCS सेवा शुरू होने के बाद पार्सल को अहमदाबाद से आगे भी भेजा जा सकेगा.
इसका मतलब है कि सूरत और मुंबई जाने वाले पार्सल भी इस सेवा के जरिए आगे भेजे जा सकेंगे और उन्हें उनके अंतिम गंतव्य तक पहुंचाया जा सकेगा. इससे न्यू दादरी और उत्तर भारत के दूसरे इलाकों से गुजरात और पश्चिमी भारत के बाजारों तक सामान पहुंचाने में मदद मिलेगी.
घर से सामान उठाने से लेकर डिलीवरी तक की सुविधा
DFCCIL के अनुसार, JPP-RCS सिर्फ रेल से सामान पहुंचाने की सुविधा नहीं है, बल्कि इसमें रेल और सड़क दोनों माध्यमों को जोड़ा गया है. इसमें ग्राहक से सामान लेने, पार्सल की लोडिंग-अनलोडिंग, तय समय के अनुसार रेल से परिवहन और अंतिम ग्राहक तक डिलीवरी जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
ग्राहक के सामान को उसके शुरुआती स्थान से लेकर अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया को एक साथ जोड़ा गया है.
ऑनलाइन होगी पार्सल बुकिंग
इस सेवा में पार्सल स्पेस की बुकिंग Freight Business Development (FBD) पोर्टल के VAP के जरिए की जा सकेगी. ऑनलाइन बुकिंग 180 दिन पहले तक की जा सकती है.
सिस्टम में डिजिटल बुकिंग और ट्रैकिंग की सुविधा भी है. इसके अलावा इसे एग्रीगेटर वेबसाइट्स के साथ जोड़ा जा सकता है, जिससे कारोबारियों को अपने लॉजिस्टिक्स की बेहतर प्लानिंग करने में मदद मिलेगी.
हर ट्रिप से करीब 21 लाख रुपये की कमाई का अनुमान
DFCCIL के मुताबिक, इस सेवा से एक राउंड ट्रिप में करीब 21 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है. नियमित संचालन होने पर सालाना करीब 76 करोड़ रुपये की राजस्व क्षमता बताई गई है.
ADVERTISEMENT











