ऐसे शुरू हुई थी अपर्णा और प्रतीक यादव की लव स्टोरी, फिर इस नेता की वजह से हुई दोनों की शादी

Prateek-Aparna love story: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया. अपर्णा यादव संग उनकी प्रेम कहानी, शादी और राजनीतिक जीवन से जुड़ी यह खबर काफी इमोशनल है.

Aparna and Prateek

यूपी तक

• 06:08 PM • 13 May 2026

follow google news

Prateek-Aparna love story: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. राजनीति से दूर अपनी आलीशान लाइफस्टाइल और फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले प्रतीक यादव का जाना अपर्णा यादव के लिए एक गहरा सदमा है. अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की लव मैरिज थी. दोनों ने कई सालों तक एक दूसरे को डेट करने के बाद शादी की थी.

यह भी पढ़ें...

कब और कैसे हुई थी अपर्णा से प्रतीक की मुलाकात

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. उनकी शुरुआती शिक्षा लखनऊ में हुई, जहां उनकी मुलाकात वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी अपर्णा यादव से हुई. हालांकि दोनों अलग-अलग स्कूलों में थे. लेकिन कॉमन दोस्तों और इंटर-स्कूल फंक्शन्स के जरिए उनके बीच दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ.

ईमेल से शुरू हुआ इश्क का सफर

साल 2001 में एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में प्रतीक और अपर्णा की मुलाकात हुई. उस समय अपर्णा को यह नहीं पता था कि प्रतीक पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे हैं. बातचीत के बाद प्रतीक ने अपर्णा की ईमेल आईडी मांगी. धीरे-धीरे मुलाकातों का दौर बढ़ा और प्रतीक ने ईमेल के जरिए अपने दिल की बात लिखकर अपर्णा को प्रपोज किया.

11 साल की डेटिंग के बाद हुई शादी

दोनों ने करीब 11 साल तक एक-दूसरे को डेट किया. प्रतीक अक्सर अपर्णा से मिलने उनके घर जाते थे और दोनों परिवारों को इसकी जानकारी थी. हालांकि, इस शादी के लिए नेताजी (मुलायम सिंह यादव) शुरुआत में झिझक रहे थे. प्रतीक की जिद पर उनकी मां साधना गुप्ता राजी हुईं और फिर अमर सिंह के समझाने के बाद मुलायम सिंह यादव ने इस रिश्ते को मंजूरी दी.

सैफई में शाही शादी 

दिसंबर 2011 में सैफई में प्रतीक और अपर्णा की धूमधाम से शादी हुई, जिसमें देश की बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. शादी के बाद उनके घर बेटी प्रथमा का जन्म हुआ. प्रतीक जहां जिम और बिजनेस तक सीमित रहे, वहीं अपर्णा ने राजनीति में कदम रखा और भाजपा में शामिल हो गईं. साल 2025 में उनके रिश्तों में अनबन की खबरें भी आई थीं, जिसे बाद में प्रतीक ने स्पष्ट किया था. प्रतीक यादव के निधन ने इस चर्चित लव स्टोरी पर हमेशा के लिए विराम लगा दिया है.