Akhilesh yadav emotional reaction: लखनऊ के सिविल अस्पताल में प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है. KGMU हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम हाउस से बाहर निकलते समय समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव काफी भावुक नजर आए. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रतीक बहुत अच्छा लड़का था. इस दौरान अखिलेश ने स्पष्ट किया कि दुख की इस घड़ी में पूरा परिवार एकजुट है और जांच या कानूनी कार्रवाई को लेकर जो भी फैसला होगा वह परिवार की सहमति से लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
'बचपन से जानता था, बहुत अच्छा लड़का था'
अखिलेश यादव ने बचपन की पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि 'मैं प्रतीक को बचपन से जानता था. वह स्वभाव से बहुत अच्छा लड़का था. उसका हमारे बीच से इस तरह चले जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि 'प्रतीक अपने स्वास्थ्य के प्रति काफी जागरूक था और हमेशा बिजनेस में लगा रहता था. लेकिन कई बार बिजनेस में नुकसान होने पर व्यक्ति मानसिक रूप से प्रभावित हो जाता है.'
दो महीने पहले हुई थी आखिरी मुलाकात
मुलाकातों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने बताया कि उनकी मुलाकात प्रतीक से करीब दो महीने पहले हुई थी. तब उन्होंने कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो और अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. मैंने उसे बिजनेस पर फोकस करने की सलाह दी थी. प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम को लेकर अखिलेश ने कहा कि 'कानून अपना काम करेगा और जो स्वाभाविक प्रक्रिया है वह होगी. लेकिन सबसे ऊपर परिवार की इच्छा है. जो परिवार कहेगा और जिस कानूनी रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला लेगा, हम उसी हिसाब से बात मानेंगे.'
प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम करीब 45 मिनट से एक घंटे तक चला, जो अब पूरा हो चुका है. पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में तैयारी पूरी कर ली गई है.थोड़ी ही देर में प्रतीक की बॉडी को उनकी पत्नी अपर्णा यादव के आवास पर ले जाया जाएगा, जहां सगे-संबंधी और प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे.
ADVERTISEMENT









