Prateek Yadav Death News: सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतिक यादव का लखनऊ में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे. लखनऊ के सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही नेताओं और जान-पहचान वालों का लखनऊ के सिविल अस्पताल में पहुंचना शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव को इलाज के लिए Civil Hospital लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बता दें कि प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. वे राजनीति से दूर रहकर अपना व्यवसाय संभालते थे. उनकी पहचान एक फिटनेस फ्रीक और सफल बिजनेसमैन के तौर पर थी. उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की कद्दावर नेता हैं. हालांकि, बीते कुछ समय से उनके निजी जीवन और आपसी विवाद को लेकर भी चर्चाएं सुर्खियों में रही थीं.
प्रतीक यादव ने कभी सक्रिय राजनीति में कदम नहीं रखा. लेकिन वे हमेशा पारिवारिक कार्यक्रमों और मौकों पर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के साथ नजर आते थे. उनकी असामयिक मृत्यु ने यादव परिवार के सामने एक बड़ा संकट खड़ा कर दिया है.
कौन थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद अपनी राह खुद चुनी. लखनऊ में उन्होंने ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक आलीशान जिम की शुरुआत की और फिटनेस इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम बनाया था. इसके साथ ही वह 'जीव आश्रय' नाम की संस्था चलाते थे जो स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू, इलाज और भोजन का जिम्मा उठाती थी. अक्सर उन्हें अपनी पसंदीदा गाड़ियों और पालतू जानवरों के साथ समय बिताते देखा जाता था. प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. दोनों के बीच बीते कुछ समय पहले अनबन की चर्चाएं उठीं, लेकिन प्रतीक हमेशा अपनी पत्नी के फैसलों के साथ खड़े नजर आए.
ADVERTISEMENT









