NEET UG 2026 Fee Refund: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों के हक में एक बड़ा फैसला लिया है. धांधली के आरोपों के बाद 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द तो किया ही गया है, साथ ही अब सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इस दोबारा होने वाली परीक्षा (Re-exam) का आर्थिक भार छात्रों पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा.
ADVERTISEMENT
छात्रों की फीस होगी रिफंड, NTA उठाएगा खर्च
इस पूरी खबर का सबसे अहम पहलू यह है कि NTA उन सभी छात्रों की फीस वापस करने जा रहा है, जिन्होंने मई 2026 की परीक्षा के लिए आवेदन किया था. यही नहीं, दोबारा परीक्षा आयोजित करने में जो करोड़ों का खर्च आता है, उसे भी छात्रों से वसूलने के बजाय NTA अपने आंतरिक संसाधनों से ही पूरा करेगा. यानी छात्रों को न तो कोई नई फीस देनी होगी और न ही कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ सहना होगा.
नया रजिस्ट्रेशन नहीं, पुराने सेंटर ही आएंगे काम
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए NTA ने साफ किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए किसी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी. मई 2026 चक्र का पुराना रजिस्ट्रेशन डेटा ही मान्य होगा. छात्रों ने जो परीक्षा केंद्र पहले चुने थे, उन्हें ही 'री-एग्जाम' के लिए आगे बढ़ाया जाएगा.
पारदर्शिता के लिए अब CBI करेगी जांच
आपको बता दें कि 3 मई को हुई परीक्षा में पारदर्शिता की कमी और जांच एजेंसियों से मिले सबूतों के बाद NTA ने परीक्षा रद्द करने का कड़ा फैसला लिया. भारत सरकार ने अब इस पूरे मामले की कमान CBI को सौंप दी है, ताकि भविष्य में होने वाली परीक्षाओं की सुचिता बनी रहे.
भ्रामक खबरों से रहें सावधान
NTA ने उम्मीदवारों और उनके माता-पिता को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें. दोबारा परीक्षा की नई तारीख और नए एडमिट कार्ड जारी होने का शेड्यूल केवल आधिकारिक वेबसाइट और चैनलों पर ही साझा किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









