देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा NEET (UG) 2026 रद्द, दोबारा होगा एग्जाम, रजिस्ट्रेशन फीस को लेकर हुआ बड़ा फैसला

NEET UG 2026 Cancelled: NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द. सरकार ने पारदर्शिता की कमी के चलते 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है. अब CBI इस मामले की जांच करेगी. छात्रों को दोबारा फीस नहीं देनी होगी और पुरानी फीस भी वापस मिलेगी.

NEET UG 2026 Cancelled

यूपी तक

12 May 2026 (अपडेटेड: 12 May 2026, 01:34 PM)

follow google news

NEET UG 2026 Cancelled: मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इस वक्त की सबसे बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. जांच एजेंसियों से मिले इनपुट्स और सबूतों से साफ हुआ है कि परीक्षा की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही, इसलिए इसे रद्द करना जरूरी था. भारत सरकार ने पूरे मामले की गहन जांच का जिम्मा CBI को सौंप दिया है.

यह भी पढ़ें...

छात्रों को मिलेगी ये राहत 

दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को न तो कोई नया रजिस्ट्रेशन कराना होगा और न ही कोई फीस देनी होगी. पुराना डेटा ही मान्य होगा. खास बात यह है कि छात्रों द्वारा पहले दी गई फीस उन्हें वापस कर दी जाएगी और दोबारा परीक्षा का खर्च NTA खुद उठाएगा. परीक्षा की नई तारीखों और एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी.

CBI करेगी पूरे मामले की पड़ताल

NTA की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 8 मई को जांच एजेंसियों को सौंपे गए इनपुट्स और पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उसके आधार पर परीक्षा प्रक्रिया को बनाए रखना संभव नहीं था. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने अब इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है. NTA ने स्पष्ट किया है कि वे जांच में पूरी तरह सहयोग करेंगे.

छात्रों के लिए असुविधा पर NTA का ये बयान आया सामने

NTA ने स्वीकार किया है कि परीक्षा दोबारा कराने से लाखों उम्मीदवारों और उनके परिवारों को बड़ी असुविधा होगी. एजेंसी ने कहा, "हम इस परिणाम को हल्के में नहीं ले रहे हैं, लेकिन अगर परीक्षा रद्द नहीं की जाती, तो यह राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली के भरोसे को और भी गहरा नुकसान पहुंचाता."

फीस होगी वापस, पुराने सेंटर पर ही होगा एग्जाम

लाखों छात्रों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से एक भी रुपया नहीं लिया जाएगा. छात्रों ने जो फीस पहले जमा की थी, उसे वापस कर दिया जाएगा. परीक्षा के लिए दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी. मई 2026 के चक्र में जो डेटा और सेंटर चुने गए थे, उन्हें ही आगे बढ़ाया जाएगा.

भ्रामक खबरों से बचें: NTA 

NTA ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट खबर पर ध्यान न दें. परीक्षा की नई तारीख और एडमिट कार्ड जारी होने का शेड्यूल केवल आधिकारिक चैनलों और वेबसाइट के माध्यम से ही शेयर किया जाएगा.