Aparna Yadav brother Statement: प्रतीक यादव के निधन के बाद सोशल मीडिया और गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे. कोई इसे कार्डियक अरेस्ट बता रहा था तो कोई शरीर नीला पड़ने की बात कह रहा था. इन दावों के बीच प्रतीक यादव के पारिवारिक मित्र और बिजनेसमैन मुकेश बहादुर सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ किया कि प्रतीक सुबह करीब 4 बजे किचन में बेसुध होकर गिरे थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने जनता से अनर्गल बातों पर ध्यान न देने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
किचन में अचानक गिरे थे प्रतीक यादव
मुकेश बहादुर सिंह ने बताया कि प्रतीक यादव बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे किचन में गिरे थे. इससे पहले रात में अस्पताल ले जाने और वापस घर आने की खबरें गलत हैं. गिरने के तुरंत बाद उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. शरीर नीला पड़ने या चोट के निशानों पर मुकेश ने टूक कहा कि 'यह सब अनर्गल बातें हैं. बॉडी पर कोई चोट के निशान नहीं हैं और न ही शरीर नीला पड़ा है. कयास लगाने के बजाय हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए. सीएमओ, सिटी मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम की निगरानी में सब हो रहा है.'
खराब रहती थी तबीयत
मुकेश जी ने यह भी खुलासा किया कि प्रतीक जी पिछले काफी समय से मेडिकेशन (दवाइयों) पर थे. उन्होंने बताया कि उनकी एक-दो सर्जरी भी हुई थी और उन्हें ओबेसिटी (मोटापा) समेत कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं. मुमकिन है कि दवाइयों के असर, हाई बीपी या कार्डियक अरेस्ट की वजह से यह दुखद घटना हुई हो.'
दिल्ली से लौट रही हैं अपर्णा यादव
बातचीत के दौरान मुकेश बहादुर सिंह के पास लगातार अपर्णा यादव के फोन आ रहे थे. उन्होंने जानकारी दी कि अपर्णा यादव फिलहाल दिल्ली में थीं और खबर मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं. वे करीब 1:30 बजे की फ्लाइट से लखनऊ पहुंचेंगी, जिसके बाद पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया जाएगा.
हाई-प्रोफाइल निगरानी में पोस्टमार्टम
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम बेहद सख्त सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में हुआ है. रिपोर्ट शाम 5:00 बजे तक आने की संभावना है, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा.
ADVERTISEMENT









