Sambhal Swimming Pool Murder: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के सलारपुर कला गांव में बने एक स्विमिंग पूल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. पीपली रहमापुर मिलक इलाके का रहने वाला 18 साल का सोहिल सलारपुर कला गांव में बने स्विमिंग पूल में नहाने गया था. आरोप है कि वहां नहाने के दौरान गांव के ही एक अन्य युवक ने सोहिल को पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया. शुरुआत में इस घटना को सामान्य डूबने का मामला समझा जा रहा था, लेकिन जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो हत्या का रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आ गया.
ADVERTISEMENT
पैर में शव फंसने पर हुआ खुलासा, तैरना जानने के शक ने खोला राज
इस वारदात की जानकारी तब हुई जब स्विमिंग पूल में नहाने गया एक अन्य शख्स पानी में कूदा और उसके पैरों में सोहिल का शव फंस गया. उसने तुरंत स्विमिंग पूल के मालिक को इसकी सूचना दी. इसके बाद सोहिल के शव को पानी से बाहर निकालकर परिजनों को सूचित किया गया. परिजन शव को घर ले गए, लेकिन उन्हें इस बात पर गहरा शक हुआ कि सोहिल को तो बहुत अच्छी तरह तैरना आता था, फिर वह स्विमिंग पूल में कैसे डूब सकता है.
परिजनों ने जब स्विमिंग पूल पर जाकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, तो सोहिल की मौत का खौफनाक सच स्क्रीन पर आ गया. दावा है कि वीडियो में दिख रहा है कि गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक सोहिल को करीब 2 मिनट तक पानी के अंदर जबरन डुबोए रखता है. सोहिल खुद को बचाने के लिए तड़पता और छटपटाता रहा, लेकिन आरोपी ने उसे तब तक नहीं छोड़ा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं. इस दौरान आरोपी आस-पास देखता भी रहा, लेकिन पूल में नहा रहे अन्य लोगों का ध्यान उस तरफ नहीं गया और किसी ने मदद नहीं की.
क्या हैं प्रत्यक्षदर्शियों के दावे?
परिजनों का बयान: "हमारा बेटा स्विमिंग पूल में नहाने गया था, जहां उसे जबरन डुबोकर मार दिया गया. जब उसका शव बाहर निकाला गया तो हम उसे लेकर डॉक्टर के पास भागे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. अब हम इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई चाहते हैं."
सालिम (स्विमिंग पूल मालिक) का बयान: "एक युवक जब पूल में नहाने के लिए कूदा, तो सोहिल का शव उसके पैरों में आ गया, जिससे उसकी मौत का पता चला. जब हमने सीसीटीवी कैमरे चेक करवाए तो साफ हुआ कि सोहिल को दूसरे लड़के ने पानी में दबाकर मारा है. जानकारी मिली है कि मृतक का उस लड़के से गांव में कोई पुराना झगड़ा भी हुआ था. फुटेज देखने से यह साफ तौर पर मर्डर (हत्या) लग रहा है."
अवैध रूप से चल रहा था स्विमिंग पूल, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर नखासा थाना पुलिस मृतक के घर पहुंची और मामले की पूरी जानकारी ली. इस संवेदनशील मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का रुख इस प्रकार है:
उमेश सोलंकी (थाना प्रभारी, नखासा): पुलिस द्वारा घटना की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लेकर चेक किया जा रहा है. हालांकि, परिजनों की तरफ से अभी तक कार्रवाई के लिए कोई लिखित शिकायती पत्र (तहरीर) नहीं दिया गया है. तहरीर मिलते ही अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कुलदीप सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक, उत्तरी): मृतक के परिजनों की तरफ से अभी तक थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई है और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. लेकिन पुलिस के स्तर पर स्विमिंग पूल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि प्राथमिक जांच में यह जानकारी मिली है कि यह स्विमिंग पूल पूरी तरह से अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था.
ADVERTISEMENT









