Hyderabad Luxury Villa Theft: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा और भरोसे की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं. गाचीबौली जैसे रईस इलाके में स्थित एक लग्जरी विला में हुई इस चोरी की शुरुआत भले ही एक मामूली सोने की चेन के गायब होने से हुई थी लेकिन जब इसकी गहराई से तफ्तीश की गई तो 12 करोड़ रुपये के महा-घोटाले का पर्दाफाश हुआ. इस हाई-प्रोफाइल डकैती को अंजाम देने वाले कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि घर के सबसे वफादार माने जाने वाले घरेलू नौकर ही निकले. वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की छह विशेष टीमों को तीन अलग-अलग राज्यों में जांच शुरू की जिसके बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश से आरोपियों को दबोचा जा सका.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना गाचीबौली की बेहद सुरक्षित मानी जाने वाली हिल रिज विला सोसाइटी की है. यहां रहने वाला एक रईस परिवार कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर गया हुआ था. जब वे 7 जून को वापस लौटे तो घर के मंदिर में रखी एक मूर्ति से सोने की चेन गायब थी. शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद यह कोई छोटी-मोटी चोरी है या चेन कहीं गिर गई होगी फिर भी उन्होंने एहतियातन स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दे दी.
मामले में असली भूचाल अगले दिन यानी 8 जून को आया. जब परिवार के बेटे ने घर के लॉकर को खोला तो उसके होश उड़ गए. लॉकर के अंदर रखे लगभग 7 से 8 किलोग्राम सोने के आभूषण और करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात गायब थे. गायब हुए इन गहनों की बाजार में कीमत तकरीबन 12 करोड़ रुपये आंकी गई. इस बड़ी बरामदगी की शिकायत मिलते ही साइबराबाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
बिना ताला तोड़े साफ कर दिया पूरा लॉकर
साइबराबाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी पहेली यह थी कि चोरों ने बिना किसी तोड़-फोड़ के इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दिया. न तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा था और न ही तिजोरी के लॉकर को कटर से काटा गया था. हर चीज अपनी जगह पर बिल्कुल सुरक्षित दिख रही थी. इससे पुलिस को साफ अंदाजा हो गया कि यह किसी बेहद करीबी और जानकार व्यक्ति का काम है, जिसे चाबी और लॉकर की पूरी लोकेशन पता थी.
जब पुलिस ने घर के स्टाफ की जांच शुरू की तो सुई नेपाल मूल के पति-पत्नी कमल शाही और उसकी पत्नी विमला शाही पर जाकर टिकी, जो इस घर में काम करते थे. जांच में कमल की साली कल्पना का नाम भी सामने आया जो उसी इलाके में काम करती थी. इन तीनों ने मिलकर परिवार की गैर-मौजूदगी में लॉकर की असली चाबी चुराई, करोड़ों के गहने साफ किए और दिमाग लगाते हुए लॉकर को वापस वैसे ही बंद कर दिया ताकि किसी को तुरंत शक न हो.
तीन राज्यों में पुलिस ने बिछाया जाल
12 करोड़ रुपये की इस भारी-भरकम चोरी को गंभीरता से लेते हुए साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने तुरंत स्पेशल ऑपरेशन टीम (SOT) और क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों का गठन किया. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और संदिग्धों के पुराने नेटवर्क को खंगालने पर पता चला कि आरोपी हैदराबाद से भागकर उत्तर भारत की तरफ निकल चुके हैं.
इसके बाद तेलंगाना पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लिए रवाना हुईं. आखिरकार, एक सटीक इनपुट के आधार पर तेलंगाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश की रामपुर जिला पुलिस से संपर्क साधा . 9 जून को रामपुर के उदमपुर गांव में दोनों राज्यों की पुलिस ने एक संयुक्त घेराबंदी की और कमल शाही, विमला और कल्पना को दबोच लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत (12 करोड़ का पूरा माल) चोरी का सोना और चांदी बरामद कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में आज होगी भयंकर बारिश… मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अपडेट
ADVERTISEMENT










