UP Adarsh Pashu Chikitsalaya: उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में पशुओं के बेहतर इलाज के लिए एक शानदार पहल करने जा रही है. प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में 'आदर्श पशु चिकित्सालय' (पशु अस्पताल) बनाए जाएंगे. इन आधुनिक अस्पतालों में बीमार पशुओं के इलाज के लिए डायलिसिस, डिजिटल एक्स-रे और एडवांस ऑपरेशन थिएटर जैसी बेहतरीन सुविधा मौहैया कराई जाएगी. इसके साथ ही इन अस्पतालों में 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में पशुओं का उपचार भी किया जाएगा. इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पशुपालकों को अपने पशुओं के अच्छे उपचार के लिए दूरा शहरों के बड़े-बड़े अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतरीन उपचार की सुविधा मिलेगी.
ADVERTISEMENT
हर विधानसभा में बनेगा पशु अस्पताल
इस नई योजना के तहत यूपी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक अत्याधुनिक पशु अस्पताल बनाया जाएगा. इन आधुनिक अस्पतालों के बनने से पशुपालकों को अपने जानवरों की गंभीर बीमारियों का इलाज या बड़े ऑपरेशन के लिए दूर शहरों की तरफ नहीं जाना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर ही बढ़िया इलाज मिलने से किसानों के समय और पैसे दोनों की अच्छी बचत होगी.
डायलिसिस और एक्स-रे की होगी सुविधा
इन नए चिकित्सालयों में इंसानों के अस्पतालों जैसी ही बेहतरीन और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. बीमार पशुओं की गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए यहां डायलिसिस, डिजिटल एक्स-रे और एक बिल्कुल आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधा भी मौजूद होगी. बीमार पशुओं की 24 घंटे निगरानी और बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ को तैनात किया जाएगा.
एक अस्पताल पर तीन करोड़ खर्च
पशुपालन विभाग के मुताबिक प्रत्येक अस्पताल को बनाने के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसमें से करीब 2.55 करोड़ रुपये से अस्पताल की इमारत बनाई जाएगी. इसके अलावा लगभग 50 लाख रुपये की आधुनिक मशीनों, डिजिटल उपकरणों, फर्नीचर और सोलर सिस्टम पर खर्च किए जाएंगे. कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरे अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और डेयरी को फायदा
सरकार का मानना है कि जानवरों को समय पर सही और बेहतर इलाज मिलने से उनकी मृत्यु दर घटेगी. पशुओं के स्वस्थ रहने से दूध का उत्पादन बढ़ेगा, जिससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत होगी. इसके साथ ही यह योजना डेयरी व्यवसाय को नई ताकत देगी और गांव की अर्थव्यवस्था को भी तेजी से आगे बढ़ाएगी.
यह भी पढ़ें: यूपी के इस शहर का एक बार फिर बदलेगा नाम, व्यापारियों की बढ़ गई टेंशन! 30 साल में 5 बार हो चुका बदलाव
ADVERTISEMENT











