Congress Protest In Saharanpur: सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. सहारनपुर में कलेक्ट्रेट पहुंचने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी और महानगर उपाध्यक्ष हरि ओम मिश्रा को गिरफ्तार किया.
ADVERTISEMENT
SP ऑफिस पहुंचे इमरान मसूद
पुलिस एक्शन के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गए. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. पुलिस अधिकारी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना उनका अधिकार है और कांग्रेस अपने सवालों को लेकर प्रदर्शन करती रहेगी. इमरान मसूद ने कहा कि उनका सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से है, लेकिन जवाब सरकार की ओर से दिया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा दिखाई दे रहा है कि पूरा गठजोड़ चल रहा है.
‘प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है’
एसपी ऑफिस में इमरान मसूद ने कहा कि प्रदर्शन करना उनका अधिकार है. उन्होंने कहा, 'प्रदर्शन है. प्रदर्शन के ऊपर सरकार पूरी तरह से रोक लगाने की कोशिश करती है. क्योंकि हमारा जो सवाल है वह ज्ञानेश कुमार से है. चीफ इलेक्शन कमिश्नर से है और जवाब सरकार दे रही है.' उन्होंने आगे कहा, 'प्रदर्शन करना तो हमारा अधिकार है. प्रदर्शन करेंगे. प्रदर्शन के अंदर कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए. जिम्मेदारी प्रशासन की भी हमारी भी है.'
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई थी धक्कामुक्की
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई थी. पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रही थी, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से भिड़ते नजर आए. इसी घटनाक्रम के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया और प्रदर्शन को लेकर नामजद तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
मायावती पर भी बोले इमरान
एसपी ऑफिस में बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने मायावती और चंद्रशेखर को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने मायावती के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी ऐसा कोई बयान आता है तो वह सबसे पहले उनके पक्ष में खड़ी नजर आती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मायावती का बयान तब बेहतर लगता जब यह दिखाई देता कि वह बीजेपी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन नहीं करतीं. इमरान मसूद ने अखिलेश यादव के बैलेट पेपर से चुनाव कराने की बात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव शुरू हो जाए तो चुनाव आयोग की 'दुकान ही बंद हो जाएगी.'
लगातार सुर्खियों में हैं इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में बने हुए हैं. वह अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को लेकर भी लगातार बयान देते रहे हैं, जिनसे गठबंधन को लेकर सवाल उठते रहे हैं. इस बीच सहारनपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन और उसके बाद हुए पुलिस एक्शन को लेकर उनका एसपी ऑफिस पहुंचना भी चर्चा में है. 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दों को लेकर आक्रामक नजर आ रही है. सहारनपुर में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई के खिलाफ इमरान मसूद का एसपी ऑफिस पहुंचना इसी घटनाक्रम की अगली कड़ी के तौर पर सामने आया है.
ADVERTISEMENT










