'जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा...', राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले पर अयोध्या में बोले CM योगी

CM Yogi Statement In Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

CM Yogi Statement On Ram Temple Investigation

CM Yogi Statement On Ram Temple Investigation

कुमार अभिषेक

19 Jun 2026 (अपडेटेड: 19 Jun 2026, 12:55 PM)

follow google news

CM Yogi Statement On Ram Mandir: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय सहित कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया और वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों पर भी खुलकर अपनी बात रखी और कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं होनी चाहिए.

यह भी पढ़ें...

चढ़ावा मामले पर विपक्ष को दिया जवाब

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को बदनाम करने की कोशिशों पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि 'राम मंदिर के लिए 500 वर्षों तक संघर्ष हुआ है, इसलिए किसी को भी अयोध्या की छवि खराब करने का प्रयास नहीं करना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा, सबको अपनी जिम्मेदारी का दायित्व निभाना होगा. जिम्मेदारी का दायित्व निभायेंगे तभी विकास होगा. सपा जय श्री राम कहने पर गोली चलवाती थी. हमने ट्रस्ट की मांग पर SIT बनवाई. जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा. हां, अगर... किसी के पास कोई सुबूत हो तो SIT को दे. लेकिन बयानबाजी से अयोध्या का अपमान न करे. जनता अपमान करने वालों से सावधान रहे.'

बयानबाजी से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी के पास चंदा चोरी से जुड़ा कोई ठोस सबूत है तो वह सीधे एसआईटी को उपलब्ध कराए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके. उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने से पहले किसी के चरित्र हनन की कोशिश न करें. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल आरोप लगाकर अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं.

बेटियों के नाम पर बनीं पीएसी की नई बटालियन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के योगदान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती, वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई और उदा देवी जैसी महान विभूतियों के सम्मान में कई पहल की हैं. इसी क्रम में सरकार ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और वीरांगना उदादेवी पासी के नाम पर पीएसी की तीन नई बटालियन गठित की हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि इन तीनों बटालियनों में केवल बेटियों की भर्ती की जाएगी, जिससे महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी.