'जय श्रीराम का नारा लगाने पर सपा के लोग गोली चलवाते थे...', राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले पर CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला!

CM Yogi Adityanath In Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

CM Yogi Adityanath In Ayodhya

CM Yogi Adityanath In Ayodhya

कुमार अभिषेक

• 01:33 PM • 19 Jun 2026

follow google news

CM Yogi Adityanath Statements On SP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय सहित कई योजनाओं का शुभारंभ किया और वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं होनी चाहिए.

यह भी पढ़ें...

जांच पर बयान और आरोपों पर सख्त रुख

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि मामले में एसआईटी जांच कर रही है और किसी भी प्रकार की अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए. उन्होंने कहा 'हमने ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT बिठाई है SIT दूध का दूध पानी करेगी, मैं सभी से कहूंगा कि अनर्गल बातें न करें, अगर किसी के पास कोई लिखित प्रूफ है SIT जांच करके देगी. 15 दिन इंतजार कर लें, ये कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्या का नाम बदनाम हो.' मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

विपक्ष पर किया तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दल अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा 'इनका दोगला चरित्र देखो, जिस कांग्रेस ने राममंदिर न बनने पाए इसकी कोशिश की, जो राम का अस्तित्व ही नहीं मानते थे, आज वही कांग्रेस मचल रही है. सपा के दोहरे चरित्र को देखो, कहते हैं रामभक्तों का अपमान हुआ है. रामभक्तों और कारसेवकों पर गोली चलाने वाले अब उपदेश दे रहे हैं.' उन्होंने कहा कि ऐसे लोग आज बयानबाजी कर रहे हैं जिन्होंने पहले राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया था.

अयोध्या पर बयानबाजी से बचने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग बिना सबूत के अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा 'मेरी लोगों से अपील है कि SIT की जांच पूरी होने तक कोई बयानबाजी न करें. अनावश्यक रूप से अयोध्या धाम को बदनाम न किया जाए, जो दोषी होगा उसे सज़ा मिलेगी.' उन्होंने राम भक्तों और जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने का इंतजार करें.

सपा और कांग्रेस पर आरोप

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा 'जय श्री राम का नारा लगाने पर सपा के लोग गोली चलवाते थे. कांग्रेस ने राम मंदिर बनने से रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि श्री राम का अस्तित्व नहीं है. आज वही लोग अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं.' उन्होंने सपा नेता मनोज पांडे का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपने विधायकों को अयोध्या दर्शन कराने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उस समय की सरकार ने स्वीकार नहीं किया था, जिसके बाद वे पार्टी से अलग हो गए. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग आज सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं.