यूपी Tak का खास शो आज का यूपी राज्य की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का सबसे सटीक विश्लेषण पेश करता है. आज के अंक में हम उत्तर प्रदेश की तीन बड़ी खबरों पर चर्चा करेंगे. पहली खबर बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने के फैसले के बाद यूपी की राजनीति में मचे घमासान की है जिसे अखिलेश यादव सियासी अपहरण बताकर कुर्मी वोट बैंक साधने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी खबर शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद के काशी से लखनऊ कूच की है, जिस पर अनुमति को लेकर शासन और संतों के बीच ठन गई है. वहीं, तीसरी खबर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की है, जिन्होंने गौ रक्षा के मुद्दे पर खुलकर संतों के इस अभियान का समर्थन कर दिया है.
ADVERTISEMENT
नीतीश के इस्तीफे के बाद अखिलेश की यूपी के कुर्मी वोट बैंक पर नजर
बिहार की राजनीति में आए बड़े बदलाव, यानी नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने की खबरों ने उत्तर प्रदेश की सियासत को भी गरमा दिया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लगता है कि नीतीश कुमार के हटने से यूपी का कुर्मी वोट बैंक बीजेपी से छिटक सकता है.
अखिलेश यादव ने इसे 'बिहार का आर्थिक और सियासी अपहरण' करार दिया है. उन्होंने एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा और संकेत दिया कि अगला नंबर उत्तर प्रदेश का हो सकता है. अखिलेश की रणनीति साफ है. 2025 में जिस कुर्मी वोट बैंक ने सपा को मजबूती दी थी, उसे 2027 के लिए एकजुट करना. हालांकि, बीजेपी ने पहले ही पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर इस वोट बैंक को थामने की कोशिश की है, लेकिन नीतीश जैसे बड़े कुर्मी चेहरे का सत्ता से हटना अखिलेश के लिए एक बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है.
स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद का लखनऊ कूच, अनुमति पर फंसा पेच
शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद कल (शनिवार) सुबह 8:30 बजे वाराणसी से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे. उनका यह कूच गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर है. शंकराचार्य का काफिला जौनपुर, सुल्तानपुर और रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंचेगा.
इस यात्रा की अनुमति को लेकर सियासत तेज है. उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अनुमति देना प्रशासन का काम है, जिस पर शंकराचार्य ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रशासन शासन के ही अधीन होता है. हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस बार सरकार उन्हें रोकने के मूड में नहीं है, ताकि कोई बड़ा बवाल न हो. पुलिस प्रशासन पूरे रास्ते पर नजर बनाए हुए है, लेकिन किसी भी जोर-जबरदस्ती की गुंजाइश कम दिखाई दे रही है.
गौ रक्षा अभियान को मिला धीरेंद्र शास्त्री का साथ
वाराणसी पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद के गौ-गंगा और सनातन अभियान का खुला समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि जो भी गौ माता, गीता और गंगा के लिए कार्य कर रहा है, वे उनके साथ हैं. धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि वे देश को जोड़ना चाहते हैं, तोड़ना नहीं. उन्होंने गौ रक्षा के मुद्दे पर सबको एकता के सूत्र में पिरोने की बात कही ताकि भारत विश्व गुरु बन सके. उनके इस समर्थन से गौ रक्षा के लिए लखनऊ कूच कर रहे संतों का मनोबल और बढ़ गया है.
यहां देखें पूरा शो
ADVERTISEMENT









