पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मैदान में उत्तर प्रदेश के IPS अजय पाल शर्मा और टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच की जंग अब और भी तीखी हो गई है. यूपी के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर के रूप में तैनात IPS अजय पाल शर्मा की सख्त चेतावनी के बाद अब टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान ने बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया है. जहांगीर खान ने फिल्मी लहजे में आईपीएस अधिकारी को चुनौती देते हुए साफ कहा है कि 'खेला' उन्होंने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे. इस जुबानी जंग ने फलता विधानसभा क्षेत्र के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या कहा जहांगीर खान ने?
जहांगीर खान ने एक जनसभा के दौरान अजय पाल शर्मा और केंद्रीय सुरक्षा बलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये लोग बहुत खेला दिखा रहे हैं. उन्होंने गरजते हुए कहा कि पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त, अभी तो खेल शुरू हुआ है. जहांगीर ने आगे कहा कि अगर आप सोच रहे हैं कि कुछ सीआरपीएफ के जवानों को लेकर डिंगें हांकेंगे, तो यह आपकी भूल है. उन्होंने केंद्रीय बलों को 'बीजेपी का दलाल' तक कह डाला और चेतावनी दी कि अगर यहां का जनसमुद्र पैदल चल दे, तो विपक्षी हवा में उड़ जाएंगे. जहांगीर ने कड़े शब्दों में कहा कि यहां की हर महिला मां दुर्गा का रूप है और उन्हें पता है कि असुरों का वध कैसे करना है और सीआरपीएफ को कैसे 'टाइट' करना है.
अजय पाल शर्मा ने क्या कहा था?
इस पूरे विवाद की जड़ वह वीडियो है, जिसमें IPS अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर के बाहर उनके परिजनों को धमकाते दिखे थे. अजय पाल शर्मा ने कड़क आवाज में कहा था कि अगर जनता को परेशान करने या धमकाने की खबरें आईं, तो वे 'कायदे से खबर' लेंगे और फिर बाद में कोई रोना-पछताना काम नहीं आएगा. अजय पाल शर्मा ने जहांगीर की सुरक्षा में तैनात अतिरिक्त 4 जवानों को लेकर भी स्थानीय एसपी को नोटिस थमाया था, जिसके बाद से ही टीएमसी खेमे में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
गौरतलब है कि फलता विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को डराने-धमकाने की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने अजय पाल शर्मा को वहां की कमान सौंपी थी. अजय पाल शर्मा की गिनती यूपी के उन अफसरों में होती है जिनकी छवि बेहद सख्त मानी जाती है, वहीं जहांगीर खान टीएमसी के कद्दावर नेता और अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं. अब जहांगीर खान के इस 'खेला खत्म करने' वाले बयान के बाद बंगाल की चुनावी जमीन पर टकराव की स्थिति और भी गंभीर होती दिख रही है.
ADVERTISEMENT









